पेट्रोल-डीजल के बाद टमाटर और प्याज ने निकाले आंसू, सब्जियों के भी बढ़े दाम

Sunday, Oct 17, 2021 - 01:37 PM (IST)

बिजनेस डेस्कः त्योहारों के इस सीजन में आम आदमी को महंगाई ने बुरी तरह से पस्त कर दिया है। पेट्रोल, डीजल, रसोई गैस, सरसों के तेल के बाद अब टमाटर और प्याज की कीमतें किचन का बजट बिगाड़ रही हैं। देश में प्याज की खुदरा कीमतें 50-60 रुपए प्रति किलो और टमाटर की कीमतें 80-90 रुपए प्रति किलो तक पहुंच गई हैं। टमाटर और प्याज की कीमतों में आई बड़ी तेजी की वजह ईंधन की आसमान छूती कीमतें और महाराष्ट्र व कर्नाटक में भारी बरसात के कारण फसल को हुआ नुकसान है।

देश के 6 शहरों में प्याज का खुदरा भाव 

  • दिल्ली: 50-60 रुपए प्रति किलो
  • मुंबई: 50 रुपए प्रति किलो
  • प्रयागराज: 60 रुपए प्रति किलो
  • पटना: 45 रुपए प्रति किलो
  • लखनऊ: 50 रुपए प्रति किलो
  • जयपुर: 60 रुपए प्रति किलो

देश के 6 शहरों में टमाटर का खुदरा भाव

  • दिल्ली: 80-90 रुपए प्रति किलो 
  • मुंबई: 60 रुपए प्रति किलो
  • प्रयागराज: 80 रुपए प्रति किलो
  • पटना: 50 रुपए प्रति किलो
  • लखनऊ: 60 रुपए प्रति किलो
  • जयपुर: 80 रुपए प्रति किलो

दिल्ली को सब्जियों के परिवहन की लागत 18 फीसदी तक बढ़ी
मध्य प्रदेश, कर्नाटक, महाराष्ट्र प्याज और टमाटर के प्रमुख उत्पादक राज्य हैं। कर्नाटक और महाराष्ट्र में भारी बारिश की वजह से फसल को हुए नुकसान से आपूर्ति कम हुई है। लिहाजा थोक बाजार में कीमतें बढ़ी हैं, जिसका असर खुदरा बाजार में इन सब्जियों की कीमतों पर भी दिख रहा है। इसके अलावा ईंधन की कीमतों, विशेषकर डीजल के भाव में वृद्धि से परिवहन लागत में वृद्धि के कारण भी सब्जियां महंगी हो रही हैं। डीजल के पिछले कुछ महीनों में बढ़े दाम के चलते विभिन्न राज्यों से दिल्ली को सब्जियों के परिवहन की लागत 18 फीसदी तक बढ़ गई है।
 

jyoti choudhary

Advertising