अडाणी ग्रीन एनर्जी ने 4,667 मेगावाट नवीकरणीय ऊर्जा की आपूर्ति के लिए SECI के साथ किया करार

punjabkesari.in Tuesday, Dec 14, 2021 - 02:08 PM (IST)

बिजनेस डेस्कः अडाणी ग्रीन एनर्जी ने भारतीय सौर ऊर्जा निगम (एसईसीआई) के साथ बड़ा करार किया है। इसके तहत कंपनी 4,667 मेगावाट ग्रीन पावर सप्लाई करेगी। कंपनी का कहना है कि ये दुनिया की अब तक की सबसे बड़ी बिजली खरीद डील है। कंपनी का शेयर 40 रुपए यानी 3 फीसदी बढ़कर 1425 रुपए के भाव पर पहुंच गया है।

आपको बता दें कि अडाणी ने मुंबई में कार्बन उत्सर्जन में कमी लाने को लेकर कदम उठा चुकी है। ग्रीन एनर्जी को बढ़ावा देने के साथ कंपनी मुंबई की बिजली जरूरत का 30 फीसदी हिस्सा रिन्युएबल एनर्जी से पूरा करेगी। इसे 2027 तक बढ़ाकर 60 फीसदी करने का लक्ष्य रखा है। मुंबई के कुल ग्रीन हाउस गैस (जीएचजी) उत्सर्जन में 16 फीसदी तक की भरपाई हो सकेगी। साथ ही मुंबई उल्लेखनीय मात्रा में नवीकरणीय ऊर्जा के उपयोग वाला दुनिया का पहला महानगर होगा।

क्या कहा गौतम अडाणी ने 
अडाणी ग्रुप के चेयरमैन गौतम अडाणी ने कहा, "यह भारत की नवीकरणीय ऊर्जा क्षमता में तेजी लाने के साथ-साथ आत्मनिर्भर भारत कार्यक्रम के तहत घरेलू विनिर्माण को बढ़ावा देने के भारत के दोहरे उद्देश्य को सक्षम करने की हमारी यात्रा में एक और कदम है।" उन्होंने कहा कि सीओपी 26 की कार्यवाही के बाद, यह तेजी से स्पष्ट हो रहा है कि दुनिया जिस रफ्तार से कम कार्बन उत्सर्जन वाली अर्थव्यवस्था की तरफ बढ़ रही थी, उसे उससे तेजी से इस ओर बढ़ना है। 

दुनिया की सबसे बड़ी बिजली खरीद डील
अडाणी ग्रीन एनर्जी का कहना है कि भारतीय सौर ऊर्जा निगम के साथ हुई यह अब तक की सबसे बड़ी ग्रीन पावर परचेज डील है। भारत का लक्ष्य 2030 तक जरूरत की आधी एनर्जी रिन्यूएबल सोर्स से उत्पादन का है। भारत इस समय अपनी कुल बिजली जरूरतों में से 70 फीसदी के लिए कोयले पर निर्भर है। साल 2030 तक 50 फीसदी गैर-जीवाश्म ईंधन प्राप्त करना चुनौतीपूर्ण होगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जलवायु सम्मेलन में कहा कि भारत वर्ष 2070 तक शुद्ध रूप से शून्य उत्सर्जन का लक्ष्य प्राप्त करेगा।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

jyoti choudhary

Recommended News

Related News