Elon Musk ने रचा इतिहास, एक डील और दौलत में तूफानी उछाल, 852 बिलियन डॉलर पार पहुंची नेटवर्थ

punjabkesari.in Wednesday, Feb 04, 2026 - 01:16 PM (IST)

बिजनेस डेस्कः टेस्ला के मालिक और दुनिया के मशहूर उद्योगपति एलन मस्क ने एक बार फिर इतिहास रच दिया है। एयरोस्पेस कंपनी SpaceX द्वारा उनकी आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और सोशल मीडिया फर्म xAI के अधिग्रहण के बाद मस्क की संपत्ति में जबरदस्त उछाल देखने को मिला है। उनकी नेटवर्थ अब 800 बिलियन डॉलर (करीब 72 लाख करोड़ रुपए) के पार पहुंच गई है, जिससे वह दुनिया के सबसे अमीर व्यक्ति बन गए हैं।

फोर्ब्स के मुताबिक, SpaceX और xAI के मर्जर के बाद दोनों कंपनियों की संयुक्त वैल्यू करीब 1.25 ट्रिलियन डॉलर हो गई है। इस डील के चलते मस्क की संपत्ति में लगभग 84 बिलियन डॉलर की बढ़ोतरी हुई है। फिलहाल उनकी कुल नेटवर्थ करीब 852 बिलियन डॉलर (लगभग 7.7 करोड़ करोड़ रुपए) आंकी जा रही है।

SpaceX–xAI डील से कैसे बढ़ी दौलत

मर्जर से पहले एलन मस्क के पास SpaceX में करीब 42 फीसदी हिस्सेदारी थी, जिसकी वैल्यू दिसंबर में हुए एक टेंडर ऑफर के बाद लगभग 800 बिलियन डॉलर आंकी गई थी। इसमें मस्क की हिस्सेदारी की कीमत करीब 336 बिलियन डॉलर थी।

वहीं, xAI में उनकी लगभग 49 फीसदी हिस्सेदारी थी, जिसकी वैल्यू इस महीने की शुरुआत में हुए एक प्राइवेट फंडरेजिंग राउंड के बाद करीब 250 बिलियन डॉलर आंकी गई थी। इससे xAI में मस्क के हिस्से की कीमत लगभग 122 बिलियन डॉलर हो गई थी।

मर्जर के बाद SpaceX की वैल्यू करीब 1 ट्रिलियन डॉलर, जबकि xAI की वैल्यू 250 बिलियन डॉलर पर पहुंच गई है। फोर्ब्स के अनुमान के मुताबिक, नई मर्ज्ड कंपनी में मस्क की हिस्सेदारी करीब 43 फीसदी है, जिसकी कुल कीमत लगभग 542 बिलियन डॉलर बैठती है। 

मर्जर का मकसद क्या है?

स्पेस ट्रांसपोर्टेशन और कम्युनिकेशन से जुड़ी SpaceX और एआई स्टार्टअप xAI को एक साथ लाने का मकसद अंतरिक्ष में AI कंप्यूटिंग क्षमता को बढ़ाना बताया जा रहा है। इस योजना के तहत बड़ी संख्या में सैटेलाइट्स को अंतरिक्ष में भेजा जाएगा, जो वहां डेटा सेंटर की तरह काम करेंगे।

यह एक साल से भी कम समय में दूसरी बार है जब एलन मस्क की दो कंपनियों का आपस में मर्जर हुआ है। इससे पहले, मार्च 2025 में मस्क ने अपने AI स्टार्टअप xAI को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X के साथ मर्ज किया था।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

jyoti choudhary

Related News