Stock Market Scam: शेयर मार्केट में हो गया बड़ा स्कैम, 20 दिनों में कर दिया बड़ा कांड
punjabkesari.in Wednesday, Feb 04, 2026 - 05:38 PM (IST)
बिजनेस डेस्कः मुंबई में ऑनलाइन निवेश के नाम पर बड़े साइबर फ्रॉड का मामला सामने आया है, जहां 68 वर्षीय व्यक्ति को ज्यादा मुनाफे का लालच देकर करीब 11 करोड़ रुपए की ठगी कर ली गई। ठगों ने खुद को शेयर बाजार विशेषज्ञ बताकर सुनियोजित तरीके से बुजुर्ग को अपने जाल में फंसाया।
जानकारी के अनुसार, पीड़ित ने इंटरनेट पर निवेश से जुड़ा एक आकर्षक विज्ञापन देखा, जिसमें कम समय में अधिक रिटर्न का दावा किया गया था। भरोसा होने पर उन्होंने विज्ञापन में दिए गए लिंक पर क्लिक किया, जिसके बाद उन्हें एक WhatsApp ग्रुप में जोड़ लिया गया।
इस ग्रुप में फर्जी एनालिस्ट और कथित निवेशक लगातार IPO, प्रेफरेंशियल शेयर और ऊंचे मुनाफे की बातें करते थे। बातचीत के जरिए बुजुर्ग का विश्वास जीता गया और निवेश को पूरी तरह सुरक्षित बताया गया।
इसके बाद ठगों ने उन्हें एक मोबाइल ऐप डाउनलोड करवाया, जिसमें निवेश पर भारी मुनाफा दिखाया जा रहा था। ऐप में दिखाई गई फर्जी पोजीशन देखकर पीड़ित को लगा कि उनका पैसा तेजी से बढ़ रहा है। इसी भरोसे में उन्होंने 20 दिनों के भीतर 12 से अधिक अलग-अलग बैंक खातों में करीब 11 करोड़ रुपए ट्रांसफर कर दिए।
ऐप पर उनकी निवेश राशि करीब 18 करोड़ रुपए तक पहुंचती दिखाई गई। हालांकि जब उन्होंने रकम निकालने की कोशिश की, तो ठगों ने अतिरिक्त 8 करोड़ रुपए की मांग की। इसी दौरान उन्हें ठगी का शक हुआ और मामला उजागर हुआ।
साइबर एक्सपर्ट्स ने लोगों को ऐसे मामलों में सतर्क रहने की सलाह दी है। किसी भी तरह की ऑनलाइन ठगी की स्थिति में तुरंत हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करें, National Cyber Crime Reporting Portal पर शिकायत दर्ज कराएं और अपने बैंक को तुरंत सूचित करें।
