GST पर चर्चा से पहले सैंसेक्स टूटा, लगातार तीसरे दिन गिरावट

Tuesday, Aug 02, 2016 - 06:03 PM (IST)

मुंबई: बंबई शेयर बाजार का सैंसेक्स आज 21.41 अंक टूटकर 28,000 अंक के नीचे बंद हुआ। यूरोपीय बाजारों में कमजोर रूख के बीच राज्यसभा में कल जी.एस.टी. पर होने वाली चर्चा से पहले निवेशकों ने सतर्क रूख अपनाया। गिरावट व्यापक रही। 

 

बी.एस.ई. स्माल कैप तथा मिड कैप सूचकांकों में भी क्रमश: 0.83 प्रतिशत तथा 0.62 प्रतिशत की गिरावट आई। जून में 8 प्रमुख उद्योगों में अच्छी वृद्धि तथा पी.एम.आई. में वृद्धि तथा जी.एस.टी. इस सप्ताह पारित होने की उम्मीद के साथ बाजार आज बढ़त के साथ खुला। सरकार ने सोमवार को कहा कि जी.एस.टी. के लिए संविधान संशोधन विधेयक पर राज्यसभा में चर्चा बुधवार को होगी। इस बात की मजबूत संभावना है कि स्वतंत्र भारत के बाद दूरगामी प्रभाव वाले महत्वपूर्ण कर सुधारों का कांग्रेस तथा अन्य प्रमुख दल समर्थन करेंगे।  

 

प्रमुख उद्योगों की वृद्धि दर जून में 5.2 प्रतिशत रही जो 2 महीने में सबसे तेज है। मुख्य रूप से कोयला तथा सीमेंट क्षेत्र में दहाई अंक में वृद्धि से वृद्धि दर मजबूत रही। मौसम विभाग के जून से सितंबर में मानसून सामान्य से बेहतर रहने की भविष्वाणी से भी बाजार में उत्साह रहा।   

 

कारोबारियों के अनुसार लेकिन यह उत्साह थोड़े समय के लिए रहा। यूरोपीय शेयर बाजारों के 2 सप्ताह के न्यूनतम स्तर पर गिरावट के साथ बाजार में गिरावट आई।   30 शेयरों वाला सैंसेक्स मजबूती के साथ खुला लेकिन बाद में 21.41 अंक या 0.08 प्रतिशत टूटकर 27,981.71 अंक पर बंद हुआ। इससे पहले यह स्तर 26 जुलाई को देखा गया था। इससे पहले सैंसेक्स में 2 सत्रों में 205.48 अंक की गिरावट दर्ज की गई थी।  

 

नैंशनल स्टाक एक्सचेंज का निफ्टी भी 13.65 अंक या 0.16 प्रतिशत की गिरावट के साथ 8,622.90 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान यह 8,687.20 से 8,611.40 अंक के दायरे में रहा। सैंसेक्स के शेयरों में सर्वाधिक नुकसान में टाटा मोटर्स रही। कम्पनी का शेयर 2.80 प्रतिशत नीचे आया। वहीं एच.डी.एफ.सी. 2.37 प्रतिशत टूटा।  जो अन्य शेयर दबाव में रहे, उनमें अडाणी पोर्ट, भारती एयरटेल, आई.सी.आई.सी.आई. बैंक, गेल, विप्रो, सिप्ला, ल्यूपिन, कोल इंडिया, सन फार्मा, महिंद्रा एंड महिंद्रा तथा टाटा स्टील शामिल हैं।  

 

हालांकि आई.टी.सी. (3.73 प्रतिशत) तथा मारुति सुजुकी (2.49 प्रतिशत) की तेजी रही। सैंसेक्स के 30 शेयरों में 18 नुकसान में तबकि 12 लाभ में रहे। सार्वजनिक क्षेत्र के इंडियन बैंक का शेयर करीब 20 प्रतिशत उछलकर 186.20 रुपए पर पहुंच गया। कम्पनी ने अप्रैल-जून में शुद्ध लाभ करीब 43 प्रतिशत बढऩे की रिपोर्ट दी है। वैश्विक स्तर पर जापान तथा सिंगापुर के बाजारों में 1.47 प्रतिशत तक की गिरावट दर्ज की गई जबकि हांगकांग का बाजार चक्रवात के कारण बंद रहा। यूरोप में फ्रांस, जम्रनी तथा ब्रिटेन के बाजारों में 1.42 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई।

Advertising