Wrong UPI Payment: छोटी सी गलती और फंस गए ₹4500, शिकायत करने पर UPI ने खड़े कर दिए हाथ
punjabkesari.in Tuesday, Jul 07, 2026 - 05:58 PM (IST)
बिजनेस डेस्कः डिजिटल पेमेंट के बढ़ते इस्तेमाल के साथ गलत UPI ट्रांजेक्शन के मामले भी सामने आते हैं। सोशल मीडिया पर वायरल एक पोस्ट में एक यूजर ने अपने साथ हुई ऐसी ही घटना का जिक्र करते हुए UPI से मदद मांगी, तो उसका जवाब इंटरनेट पर वायरल हो गया।
यूजर ने फोनपे पेमेंट ऐप से मदद मांगते हुए बताया कि उसने टाइपिंग की गलती के चलते एक गलत UPI आईडी पर 4,500 रुपए भेज दिए। उन्होंने अपने बैंक में भी इसकी शिकायत कर दी है लेकिन वो रिकवरी की प्रक्रिया में UPI और ऐप का सहयोग भी चाहते हैं। इस पर फोनपे तो नहीं लेकिन UPI की ओर से जवाब जरूर आया है।
UPI का जवाब
UPI ने कस्टमर राजेंद्र बहरा को जवाब दिया कि वो उनकी समस्या को समझता है लेकिन वो अपनी ओर से किसी भी गलत लेन-देन को वापस नहीं लौटा सकता। ऐसे में ऐप उन्हें पैसे भेजने से पहले सामने वाले की UPI आईडी को ध्यान से वेरिफाई करने की सलाह देते हुए बैंक से संपर्क करने को कहता है। UPI का जवाब इंटरनेट की जनता को पसंद नहीं आता और वह कहते हैं कि ‘इसी की उम्मीद थी।’
लोगों ने दी सलाह
लोग राजेंद्र को तरह-तरह की सलाह देते हुए यह भी कह रहे हैं कि बैंक और फोनपे उनकी इस मामले में कोई मदद नहीं करने वाला। एक यूजर ने लिखा कि यार, इस मामले में बैंक और फोनपे कभी भी आपकी मदद नहीं करते। अगर रिसीवर वफादार इंसान होगा तो ही कुछ हो सकता है।

