सितंबर के लिए अब तक 37 लाख GSTR-3B भरे गए

Saturday, Oct 21, 2017 - 08:33 AM (IST)

नई दिल्लीः जी.एस.टी.एन. नेटवर्क पर सितंबर महीने के लिए कल शाम सात बजे तक करीब 37 लाख जी.एस.टी. रिटर्न भरे गए और हर घंटे के आधार पर 75,000 बिक्री आंकड़े इसमें अपलोड किए जा रहे हैं। जी.एस.टी.एन. नेटवर्क के चेयरमैन अजय भूषण पांडे ने यह जानकारी दी। माल एवं सेवा कर व्यवस्था के तहत जीएसटीआर-3बी में शुरूआती रिटर्न भरने की समय सीमा कल रात समाप्त हो गई है। पांडे ने कहा कि जी.एस.टी.एन. प्रणाली स्थिर है और फिलहाल प्रणाली के तहत जो आंकड़े आ रहे हैं उसमें उसकी कुल क्षमता का मात्र 30 प्रतिशत ही इस्तेमाल हो रहा है। पिछले दो दिनों में इसमें 20 लाख रिटर्न अपलोड किए गए।

उन्होंने कहा, ‘‘शाम 7 बजे तक 36.84 लाख रिटर्न भरे गए हैं। रिटर्न फाइल करने के काम में तेजी आ रही है। औसतन हर घंटे के हिसाब से 75,000 रिटर्न अपलोड किए जा रहे हैं। जी.एस.टी.एन. प्रणाली स्थिर है। हम उम्मीद करते हैं कि अधिक-से-अधिक लोग निर्धारित समय में रिटर्न फाइल कर सकेंगे।’’ देश में जी.एस.टी. व्यवस्था एक जुलाई से लागू हुई है। उसके बाद यह तीसरा महीना है जिसके लिए कंपनियों को जी.एस.टी.आर.-3बी रिटर्न भरना है। इसमें उन्हें अपनी बिक्री के बारे में पूरा ब्योरा देना होता है। जुलाई और अगस्त के लिए क्रमश: 55.68 लाख और 50 लाख रिटर्न भरे गए जिससे क्रमश: 95,000 करोड़ रुपए और 92,000 करोड़ रुपए राजस्व प्राप्त हुआ। पांडे ने कहा कि पहले दो महीनों में कंपनियों ने निर्धारित तिथि समाप्त होने के बाद भी रिटर्न अपलोड किए। सितंबर माह के रिटर्न का आंकड़ा भी अंतत: बढ़ेगा।

उन्होंने कहा, ‘‘अगर हम नेटवर्क की क्षमता देखे तो जी.एस.टी.एन. केवल 30 प्रतिशत का उपयोग कर रहा है। इस लिहाज से सर्वर में और रिटर्न अपलोड करने की काफी गुंजाइश है।’’ वित्त मंत्री अरूण जेटली ने पिछले महीने कंपनियों से निर्धारित समय से पहले जी.एस.टी. रिटर्न भरने की अपील की थी और रिटर्न भरने के लिये अंतिम तिथि तक इंतजार  नहीं करने को कहा।
        

Advertising