भारत में रूई की 2.95 करोड़ गांठ आमद पहुंची

Sunday, Apr 30, 2017 - 12:55 PM (IST)

जैतो: देश के विभिन्न कपास उत्पादक राज्यों की मंडियों में अब तक करीब 2 करोड़ 95 लाख गांठ रूई के पहुंचने की सूचना है और इस सत्र के दौरान 40 से 45 लाख गांठ रूई और आने की उम्मीद है, यानी इस वर्ष देश में 3.35 से 3.40 करोड़ गांठ रूई की पैदावार होने के कयास लगाए जा रहे हैं। कपास सत्र 2015-16 वर्ष के दौरान देश में 3.37 करोड़ से अधिक गांठ रूई का उत्पादन हुआ था। यह जानकारी देश की जानी-मानी रूई कम्पनी बसंत लाल बनारसी दास मुम्बई के भटिंडा ब्रांच के मैनेजर एवं रूई खरीदार विजय कुमार बांसल ने दी। उन्होंने बताया कि इस वर्ष किसानों को कपास का बहुत बढिय़ा भाव मिलने से उनका झुकाव कपास की बुआई की तरफ बढ़ा है।

कपास की बुआई का आंकड़ा 1.15 करोड़ हैक्टेयर होगा पार
बीते वर्ष देश में 1.2 करोड़ हैक्टेयर में कपास की बुआई हुई थी जबकि उन्हें लगता है कि इस वर्ष कपास की बुआई का आंकड़ा 1.15 करोड़ हैक्टेयर पार हो सकता है। बी.बी. कम्पनी के विजय बांसल ने एक प्रश्र के उत्तर में कहा कि भारतीय मिलों की वर्तमान खपत, रूई निर्यात घटना तथा रूई इम्पोर्ट दोगुना होने से उन्हें लगता है कि रूई में कोई मोटी तेजी नहीं है। विजय बांसल का मानना है कि रूई धीरे-धीरे घटती जाएगी और उन्हें उम्मीद है कि इसके भाव पंजाब में 4400 रुपए मन व हरियाणा में 4300 रुपए मन बन सकते हैं।

क्या है पंजाब में रूई के भाव
आज रूई के भाव पंजाब 4710-4730 रुपए मन, हरियाणा 4625-4635 रुपए मन और लोअर राजस्थान क्षेत्र रूई 44200-44700 रुपए प्रति कैंडी बोले गए जबकि गत सप्ताह रूई इन भाव से 65-75 रुपए प्रति मन तेज थी।

Advertising