कोलकाताः 20 करोड़ रुपए के सोने से तैयार हुई दुर्गा मां की 13 फीट ऊंची प्रतिमा

Thursday, Sep 26, 2019 - 10:06 AM (IST)

नई दिल्लीः बंगाल के सबसे बड़े त्योहार दुर्गा पूजा के लिए कोलकाता में दुर्गा मां की बेहद अनोखी प्रतिमा तैयार की जा रही है। इस प्रतिमा को बनाने के लिए 50 किलो सोने का इस्तेमाल किया जा रहा है। 13 फीट ऊंची यह प्रतिमा 20 करोड़ रुपए में तैयार होगी। इसे संतोष मित्रा स्क्वेयर पर बने पंडाल में स्थापित किया जाएगा।

20 करोड़ रुपए का खर्च आएगा
खबरों के मुताबिक, कम्युनिटी दुर्गा पूजा के अध्यक्ष प्रदीप घोष ने बताया कि इससे पहले कभी किसी ने दुर्गा मां की प्रतिमा सोने से बनाने के बारे में नहीं सोचा। उन्होंने कहा कि यह हमारी कनक दुर्गा हैं जो सिर से लेकर पैर तक सोने की होंगी। फिलहाल 10 ग्राम साेना 40 हजार रुपए के आसपास है, ऐसे में प्रतिमा तैयार होने में करीब 20 करोड़ रुपए का खर्च आएगा।

सुनार देंगे प्रतिमा के लिए सोना
प्रतिमा बनाने का खर्च दुर्गा पूजा कमिटी नहीं उठाएगी। कई सुनार इस प्रतिमा को बनाने के लिए आगे आए हैं। वे प्रतिमा बनाने के लिए सोना उपलब्ध करा रहे हैं। प्रतिमा के विसर्जन के बाद उन्हें सोना लौटा दिया जाएगा। इसके साथ ही कई बड़ी कंपनियों ने भी प्रतिमा बनाने और दुर्गा पूजा महोत्सव के लिए फंड दिया है। इससे पहले 2017 में इस दुर्गा समिति ने दुर्गा मां की प्रतिमा को सोने की साड़ी पहनाई थी। पिछले साल प्रतिमा को चांदी के रथ पर सवार किया गया था।

Supreet Kaur

Advertising