दूसरों में कमियां क्यों निकालते रहते हैं कुछ लोग?

punjabkesari.in Friday, Nov 27, 2026 - 05:51 AM (IST)

आजकल दूसरों में खोट या कमियां निकालते रहना कुछ लोगों की जिंदगी का हिस्सा बन चुका है। जब देखो एक-दूसरे की चुगली-ङ्क्षनदा करते रहना ऐसे लोगों की मानसिक असंतुलन की स्थिति का सूचक हो सकता है। आखिर लोग ऐसा क्यों करतें हैं?

दूसरों में हमेशा कमियां या खोट निकालने की आदत को मनोविज्ञान में अक्सर क्रिटिकल नेचर या प्रोजैक्टिंग्स कहा जाता है। इसके पीछे कई गहरे मानसिक और भावनात्मक कारण होते हैं। अक्सर इसका संबंध सामने वाले की गलती से कम, बल्कि कमी निकालने वाले व्यक्ति के अपने भीतर चल रही उथल-पुथल से ज्यादा होता है। इसके अनेक कारण हैं। जिन लोगों में आत्मविश्वास की कमी होती है, वे अक्सर दूसरों को नीचा दिखाकर खुद को बेहतर या श्रेष्ठ महसूस करने की कोशिश करते हैं। दूसरों की कमियां गिनाने से उन्हें कुछ पल के लिए अपनी कमियों से ध्यान हटाने का मौका मिल जाता है। शायर के शब्दों में-हमारी कमियां निकालने में लगे हुए हैं वो, जिनकी अपनी लंगोटियां भी फटी हुई हैं।’

मनोविज्ञान के अनुसार, कई बार इंसान जिन बुराइयों या कमजोरियों को अपने भीतर स्वीकार नहीं कर पाता, उन्हें वह दूसरों में देखने लगता है और उनकी आलोचना करता है। यदि किसी व्यक्ति का बचपन ऐसे माहौल में बीता हो, जहां हर छोटी बात पर टोका-टाकी होती थी या बहुत सख्त नियम थे, तो बड़े होकर वह अनजाने में ही दूसरों के साथ वैसा ही व्यवहार करने लगता है। उसे लगता है कि कमियां निकालना ही सामान्य व्यवहार है। जो भी इन्सान अपने सम्पर्क में आने वाले दूसरे लोगों की जरा-जरा सी गलती निकालते रहते हैं, वे सही मायनों में उसके हितैषी नहीं होते, जिसकी गलती निकाल रहे हैं। वे लोग मानसिक रूप से बीमार होते हैं।

ऐसे ही कुछ लोगों को हर चीज अपने हिसाब से परफैक्ट चाहिए होती है, जब कोई काम उनके तरीके से नहीं होता, तो वे बेचैन हो जाते हैं और सामने वाले में खोट निकालकर स्थिति पर अपना नियंत्रण दिखाने की कोशिश करते हैं। कई लोग सकारात्मक तरीके से लोगों का ध्यान अपनी ओर नहीं खींच पाते, इसलिए वे हर बात में नुक्स निकालकर या नकारात्मक टिप्पणी करके चर्चा में बने रहना चाहते हैं। 

जो लोग अपनी खुद की जिंदगी, करियर या रिश्तों से खुश नहीं होते, उनके भीतर एक चिड़चिड़ापन भर जाता है। दूसरों की सफलता या खुशी देखकर उन्हें जलन होती है, जो कमियां निकालने के रूप में बाहर आती है। मनोविज्ञान कहता है कि ऐसे लोगों की बातों को दिल पर लेने की बजाय यह समझना जरूरी है कि उनकी नुक्स निकालने की आदत उनकी अपनी असंतुलित मानसिक स्थिति का आईना है, आपकी काबिलियत का प्रमाण पत्र नहीं। शांत रहकर उनकी गैर-जरूरी बातों को नजरअंदाज करना और अपनी सीमाएं तय करना सबसे बेहतर तरीका है।

निचोड़ की बात यह है कि दूसरे इंसानों में कमियां निकालना इंसान की सबसे बड़ी कमी है। यदि किसी में कुछ ढूंढना है तो सिर्फ उस इंसान में सकारात्मकता को देखें। यदि हम किसी भी व्यक्ति में नकारात्मकता को देखते हैं तो हमारे चारों ओर नकारात्मक शक्ति हावी हो जाती है, जो हमें कभी भी आगे बढऩे नहीं देती। हमें साथी इंसानों में कमियां नहीं, उनकी अच्छाई को आगे लाना चाहिए बकौल शायर-‘उम्र होती जा रही लोगों में नुक्स निकलते निकालते, इतना खुद को सुधारा होता, तो फरिश्ते बन जाते।’-डा. वरिन्द्र भाटिया


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Related News