ठंड में बर्फ पर सोता है गर्मी में आग सेंकता है!

Wednesday, Jan 30, 2019 - 03:53 AM (IST)

जनवरी का महीना, जहां हाड़ गलाने वाली ठंड पड़ रही है, वहीं एक बुजुर्ग ऐसा है जो बर्फ की सिल्ली पर सोता है। बर्फ खाता है और गर्मी में अलाव सेंकता है। ये बहुत अजीबो-गरीब शख्स है जिसके बारे में जानकर यकीन नहीं कर पाएंगे। डाक्टर्स भी हैरान हैं, वे समझ ही नहीं पा रहे कि ऐसा हो कैसे सकता है? 

हरियाणा के महेन्द्रगढ़ के गांव डेरोली अहीर का रहने वाला संत लाल सभी के लिए पहेली बना हुआ है क्योंकि इस शख्स को गर्मी में सर्दी लगती है और सर्दी में गर्मी लगती है। यह शख्स तपती गर्मी में कंबल ओढ़े रहता है और अलाव सेंकता है, वहीं भरी सर्दी में वह आइसक्रीम खाता है। अपने शरीर को देखकर यह शख्स खुद भी चौंक जाता है। वहीं गांव वाले कहते हैं कि हम संत लाल को बचपन से देखते आ रहे हैं और जैसा वह कह रहा है वैसा ही है। संत लाल खुद बताते हैं कि गर्मी में अगर रजाई और अलाव न मिले तो नींद नहीं आती और कंपकंपी चढ़ी रहती है। 

ज्येष्ठ माह में जब लोग लू से बचने के लिए ए.सी., कूलर व पंखों का इस्तेमाल करते हैं, उस वक्त संत लाल के लिए दिन में चलने वाली लू सोने पर सुहागे का काम करती है। कंबल और रजाई ओढ़ कर सोना पड़ता है। दिन में 10 बजने के बाद अलाव का सहारा लेना पड़ता है। संत लाल बताते हैं कि उनका शरीर मौसम के विपरीत काम करता है। सर्दी के मौसम में अगर वह दिन में बर्फ न खाए तो उनको चैन नहीं आता। भरी सर्दी के मौसम में जोहड़ या नहर में दिन में कम से कम तीन बार नहाना पड़ता है। घर में बर्फ की सिल्ली पर सोता हूं, बर्फ खाता हूं। यह सब संत लाल की आम दिनचर्या है और अब तो घरवालों को भी यह सब आम लगने लगा है।

Advertising