राहुल की यात्रा पर संघ का रवैया

punjabkesari.in Monday, Jan 09, 2023 - 05:28 AM (IST)

जिस दिन से राहुल गांधी ने, कन्याकुमारी से, ‘भारत जोड़ो पद यात्रा’ शुरू की है उस दिन से भाजपा के प्रवक्ता, उसकी आई.टी. सैल और उसके नेता राहुल गांधी का मजाक उड़ाने में कोई कसर नहीं छोड़ रहे। और इनका साथ दे रहा है इनका ‘गोदी मीडिया’। बावजूद इसके राहुल कि यात्रा हर दिन सफलता के नए सोपान तय कर रही है। भाजपा का आकलन था कि केरल के बाहर निकलते ही यह यात्रा फुस्स हो जाएगी। पर उनकी आशा के विपरीत दक्षिण भारत के राज्यों में राहुल गांधी को जनता का जो भारी प्यार और समर्थन मिला है उसने भाजपा नेतृत्व को कुछ सोचने पर मजबूर कर दिया है। 

पिछले 8 साल से राहुल गांधी को ‘पप्पू’ बताने वाली भाजपा हिंदी प्रदेशों में राहुल की यात्रा को मिल रहे भारी समर्थन से विचलित हो गई है। यहां यह उल्लेख करना जरूरी है कि इस यात्रा की सफलता इस बात की गारंटी नहीं देती कि इस लोकप्रियता को राहुल गांधी वोटों में बदल पाएंगे। अगर वे ऐसा कर पाए तो निश्चित रूप से यह उनकी ऐतिहासिक विजय होगी। अगर नहीं भी कर पाए तो भी लोगों के बीच लगातार पैदल चल कर और हर वर्ग के लोगों से आत्मीयता से मिल कर, राहुल गांधी ने वह हासिल कर लिया है जिसे आजतक देश के गिने-चुने नेता ही हासिल कर पाए थे। उस दृष्टि से राहुल का कद बहुत बढ़ गया है। 

भाजपा की चिंता का एक बड़ा कारण यह भी है कि जो जनता राहुल को सिर आंखों पर बिठा रही है वह वही जनता है जिसने 2014 व 2019 में नरेंद्र मोदी को सर आंखों पर बिठाया था। पर गत 8 वर्षों में देश में फैली भारी बेरोजगारी सुरसा-सी बढ़ती महंगाई और मध्यम वर्गीय व्यापारियों व कारखानेदारों की तबाही ने उसी जनता को निराश और हताश कर दिया है। अब उसे भाजपा शासन में राहत मिलने की कोई उम्मीद नजर नहीं आ रही। जनता की इसी नब्ज को पहचान कर मौका देख कर पाला पलटने वाले राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के नेतृत्व ने अब अचानक राहुल गांधी की यात्रा की प्रशंसा करनी शुरू कर दी है। 

अयोध्या में राम जन्मभूमि मंदिर के मुख्य पुजारी महंत आचार्य सत्येंद्र दास ने राहुल गांधी को उनकी ‘भारत जोड़ो यात्रा’ के लिए पत्र लिखकर शुभकामनाएं भेजी हैं। इस पत्र से राजनीतिक गलियारों में एक नई चर्चा शुरू हो गई है। हालांकि एेसा करने वाले वे अकेले नहीं हैं। श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष स्वामी गोविंद देव गिरि और श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव व राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के वरिष्ठ सदस्य चंपत राय ने भी शुभकामनाएं दी हैं। सवाल यह उठ रहा है कि एेसी शुभकामनाओं के पीछे क्या संदेश छुपा हो सकता है? 

महंत आचार्य सत्येंद्र दास ने अपने पत्र में कहा, आपकी भारत जोड़ो यात्रा मंगलमय हो। आपका जो देश जोडऩे का ख्वाब है, वह पूर्ण हो, जिस लक्ष्य को लेकर आप चल रहे हैं, उसमें आपको सफलता मिले। आप स्वस्थ रहें, दीर्घायु रहें। देश के हित में जो भी कार्य कर रहे हैं, वह सर्वजन हिताय सर्वजन सुखाय है। इसी मंगलकामना के साथ शुभ आशीर्वाद। प्रभु रामलला का आशीर्वाद आप पर बना रहे। उधर चंपत राय ने तो राहुल गांधी की इस यात्रा को प्रशंसनीय तक कह डाला। इतना ही नहीं उन्होंने सभी को यात्रा कर भारत का अध्ययन करने को कहा। 

उल्लेखनीय है कि जब 1984 में इंदिरा गांधी की हत्या की गई थी तो संघ के बड़े नेता नानाजी देशमुख ने कांग्रेस के प्रति सहानुभूति जताई थी। यह तक कि 1984 के लोकसभा चुनाव में राजीव गांधी को मिली आशातीत सफलता के पीछे संघ के स्वयंसेवकों की बड़ी भूमिका रही थी। इसी तरह जब विश्वनाथ प्रताप सिंह बोफोर्स मामले को लेकर हल्ला मचा रहे थे तब भी संघ ने उनका समर्थन किया था। अन्ना हजारे के आंदोलन में भी संघ समर्थन में था। जब भी कोई दल भले ही वह संघ की विचारधारा से मेल न रखता हो, यदि राष्ट्रीय पटल पर ताकत के साथ उभरने लगता है तो संघ फौरन उसका समर्थन कर देता है। सवाल है कि एेसे में इन बयानों से क्या संघ केंद्र की भाजपा सरकार को आईना दिखा रहा है? 

बढ़ती हुई महंगाई और बेरोजगारी को लेकर संघ और भाजपा के बीच जो वैचारिक दूरी आई है वह भी किसी से नहीं छुपी है। इसलिए एेसे बयानों को मात्र व्यंग्य की दृष्टि से देखा जाना ठीक नहीं होगा और इसीलिए इन संदेशों को मात्र शुभकामना संदेश भी नहीं समझा जाना चाहिए। गौर इस बात पर भी किया जा सकता है कि भाजपा नेता राहुल की यात्रा को ‘भारत तोड़ो यात्रा’ बता रहे हैं। वहीं चंपत राय के बयान को लें तो उन्होंने इस बात को स्पष्ट कर दिया है कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ने यात्रा की आलोचना नहीं की है। लेकिन भाजपा नेता लगातार राहुल की यात्रा को विफल बता रहे हैं। 

अगला सवाल यह है कि भाजपा नेता संघ से अलग बातें क्यों कर रहे हैं? इसका तर्क यह दिया जा सकता है कि केंद्र में भाजपा सरकार चला रही है और सरकार का पक्ष लेना भाजपा नेताओं की मजबूरी है। यदि राहुल गांधी या किसी भी दल का कोई भी नेता भारत को ‘जोडऩे’ के लक्ष्य से कन्याकुमारी से कश्मीर तक पैदल यात्रा करता है, तो इसके विरोध में केवल वही दल आएगा जो कि भारत को ‘जोडऩे’ के खिलाफ हो।-विनीत नारायण        


सबसे ज्यादा पढ़े गए