चीन को छोड़ वियतनाम में वॉलमार्ट ने पैर पसारे
punjabkesari.in Thursday, Dec 07, 2023 - 05:08 AM (IST)

17 नवंबर को चीनी सोशल मीडिया सीना वेईबो पर बिग वी फाइनांशियल फॉक्स नाम के एक जाने माने निवेशक, आर्थिक विशेषज्ञ और ब्लॉगर ने लोगों को बताया कि अमरीकी शॉपिंग रीटेल चेन वॉलमार्ट चीन से जा रहा है और उसने अपना खरीदी केन्द्र वियतनाम को बना लिया है। इससे चीन में एक और बड़ा विकेट गिर गया है, इससे पहले ब्लैक रॉक नाम की रियल एस्टेट कंपनी ने चीन को छोड़ दिया और बर वैनगार्ड फंड वाला रीटेल चेन वॉलमार्ट भी चला गया।
जैसे ही यह खबर बाजार में फैली तो सन्नाटा पसर गया, अब चीन को सर्दियों में एक और झटका लगा है जिससे संभलने के लिए उसे वक्त लगेगा। एक समय चीन में वॉलमार्ट सबसे बड़ी रीटेल चेन था लेकिन अब उसने अपना आपूर्ति और खरीदी केन्द्र वियतनाम को बना लिया है। चीन के रीटेल उद्योग के लिए यह एक बड़ा झटका है जिससे उभरना मुश्किल है। पहले से ही प्रतिस्पर्धा से भरे हुए चीन के रीटेल बाजार में यह बड़ा नुकसान है, हालांकि आर्थिक मामलों के जानकार बता रहे हैं कि वॉलमार्ट द्वारा उठाया गया यह एक रणनीतिक कदम है। वैश्वीकरण में बढ़ती प्रतिस्पर्धा के दौर में बड़े अंतर्राष्ट्रीय खिलाडिय़ों द्वारा नई रणनीति तय करना और अपने विकास के लिए नए रास्ते तलाश करना आम प्रक्रिया है। चीन के लिए यह एक बड़ी समस्या है जिसका सामना करने में उसे बहुत परेशानी हो रही है। वॉलमार्ट के इस कदम से लोगों में बहुत तीखी प्रतिक्रिया हो रही है।
कुछ अर्थतंत्र के जानकारों का कहना है कि पहले चीन पश्चिमी औद्योगिक शृंखला का एक महत्वपूर्ण हिस्सा था लेकिन अब चीन को अपना स्थान बनाने के लिए बाकी औद्योगिक देशों के साथ संघर्ष करना होगा। अगर ऐसी स्थिति में चीन प्रतिस्पर्धा से भागता है तो इसमें कोई आश्चर्य नहीं होना चाहिए। आर्थिक मामलों के जानकारों का चीन के लिए कहना है कि बदलाव की प्रक्रिया में ऐसा होना बहुत आम बात है, अगर आपको अपना स्थान बनाना है और अपने ग्राहकों के आधार को मजबूत करना है तो आपको कुछ बातों का ध्यान रखना होगा। अगर आप अपने बल पर पैसे कमाना चाहते हैं तो आपको अपना अलग रास्ता ढूंढना होगा।
सबसे बड़ी समस्या इस समय कर्मचारियों की है, विदेशी निवेशकों के चलते चीन में बड़ी संख्या को नौकरी मिली थी जो अब उनसे छीनी जा रही है, ये कर्मचारी श्रमिक वर्ग से संबंध रखते हैं जो अपने बल पर खड़े नहीं हो सकते। कर्मचारियों के अलावा वॉलमार्ट बड़ी संख्या में अपनी आपूर्ति चीन से करता था, यानी चीन में बने सामान अपनी रीटेल चेन के लिए खरीदता था, वॉलमार्ट के वियतनाम से आपूर्ति करने की वजह से चीन में वॉलमार्ट और इस जैसी बड़ी रीटेल चेन के लिए सामान तैयार करने वाला उद्योग भी खत्म होगा जिसका बुरा असर चीन के विनिर्माण और निर्यात पर आने वाले दिनों में साफ तौर पर दिखाई देगा।