भारत प्रगति, प्रकृति, मानवता और लोक-कल्याण का अद्भुत संगम बना

punjabkesari.in Wednesday, May 31, 2023 - 04:29 AM (IST)

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी सरकार के 9 वर्ष पूरे हो गए हैं। इस दौरान भारत के हर क्षेत्र में विकास की दृष्टि से क्रांतिकारी बदलाव हुए हैं। मैं इस बदलते भारत का साक्षी रहा हूं। पहले एक सामान्य नागरिक के रूप में, फिर एक राज्यपाल के रूप में, बाद में देश के राष्ट्रपति के रूप में और अब देश के पूर्व राष्ट्रपति के रूप में मैंने इन परिवर्तनकारी बदलावों को बहुत ही नजदीक से अनुभव किया है। देश के एक नागरिक के रूप में मैं इतना निश्चित रूप से कहना चाहता हूं कि मेरा देश बदल रहा है। यह अनुभव आज देश का हर नागरिक कर रहा है। साथ ही, पूरी दुनिया भी भारत में बीते 9 सालों में आए बदलाव से आश्चर्यचकित है और भारत को सलाम कर रही है। 

भारत अपनी शांति, मानवतादी सोच एवं हिंसा-युद्ध विरोधी नीतियों से सभी महत्वपूर्ण अंतर्राष्ट्रीय मंचों पर जिस तरह वैश्विक समुदाय का ध्यान अपनी ओर खींच रहा है, उससे यही पता चलता है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में अंतर्राष्ट्रीय मामलों में भारत की भूमिका बढ़ एवं मजबूत हो रही है। इसका एक प्रमाण अभी हाल ही में हमने हिरोशिमा, फिजी और ऑस्ट्रेलिया में भी देखा। भारत में जी-20 का जिस तरह से सफल आयोजन हुआ, वह पूरे देश को गौर्वान्वित करने वाला है। श्रीनगर में जी-20 की बैठक का सफल आयोजन वैश्विक पटल पर भारत के बढ़ते कदम का मजबूत हस्ताक्षर है। श्रीनगर के साथ लद्दाख और अरुणाचल में जी-20 की बैठकों का आयोजन ‘एक भारत-श्रेष्ठ भारत’ के दर्शन को चरितार्थ करता है। 

इस कालखंड में देश के गांव, गरीब, किसान, दलित, पीड़ित, शोषित, वंचित, पिछड़े, महिलाएं एवं युवा, सभी सशक्त हुए हैं। आज भारत की बेटियां हर क्षेत्र में अपना परचम लहरा रही हैं। देश के युवा वैश्विक पटल पर अपनी छाप छोड़ रहे हैं। सामाजिक न्याय के लिए नरेन्द्र मोदी सरकार समॢपत रही है क्योंकि सरकार की कार्यसंस्कृति का आधार ही सबका साथ, सबका विकास रहा है। 

बीते 9 सालों में लगभग 48 करोड़ लोगों के लिए बैंक के द्वार खुले, बिजली से वंचित 18 हजार से अधिक गांवों और लगभग 4 करोड़ घरों में बिजली पहुंची, लगभग तीन करोड़ गरीबों के घर बने, लगभग 11 करोड़ शौचालय बनाए गए, 9.5 करोड़ गैस कनैक्शन वितरित किए गए, देश के 55 करोड़ लोगों को आयुष्मान भारत का कवच दिया गया, करोड़ों एल.ई.डी. बल्ब वितरित किए गए, लाखों गांवों को ऑप्टिकल फाइबर से जोड़ा गया, किसानों और मजदूरों के लिए मासिक पैंशन की व्यवस्था की गई और 10 करोड़ से अधिक किसानों को किसान सम्मान निधि के तहत सशक्त बनाया जा रहा है। देश के लगभग 80 करोड़ लोगों को जरूरी राशन मुफ्त में दिया जा रहा है। यही तो वे बुनियादी आयाम हैं, जिनकी भारत वर्षों से बाट जोह रहा था। 

आज लाभार्थियों के हक का पैसा बिना किसी बिचौलिए के सीधे उनके बैंक एकाऊंट में ट्रांसफर हो रहा है। इसमें जो पहले लीकेज हो रहा था, उसको खत्म कर इस पैसे का उपयोग गरीब कल्याणकारी योजनाओं में लगाया जा रहा है। मैंने खबर पढ़ी है कि डी.बी.टी. के माध्यम से लगभग 27 लाख करोड़ रुपए से अधिक की राशि लाभाॢथयों के एकाऊंट में अब तक ट्रांसफर की जा चुकी है। बीते 9 वर्षों में देश की प्रति व्यक्ति आय और किसानों की आय में व्यापक वृद्धि हुई है। हर गांव को पक्की सड़कों से जोड़ा गया है। राष्ट्रीय राजमार्ग का व्यापक विस्तार हुआ है। विकास के कॉरिडोर बनाए जा रहे हैं। इंफ्रास्ट्रक्चर डिवैल्पमैंट में भारत की तैराकी बेमिसाल है। 

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी न केवल देश को हर मोर्चे पर आगे बढ़ाने का काम कर रहे हैं, बल्कि वे इतिहास की कई गलतियों को भी सुधार रहे हैं और ‘न्यू इंडिया’ के मजबूत संकल्प को साकार कर रहे हैं। बीते 9 सालों में भारत ने कई विवादित मुद्दों का स्थायी समाधान सुनिश्चित किया। अयोध्या में भव्य श्रीराम मंदिर बन रहा है, जम्मू-कश्मीर से धारा 370 समाप्त हुई, आतंकवाद पर निर्णायक प्रहार हुआ और मुस्लिम महिलाओं को ट्रिपल तलाक से आजादी मिली। बीते 9 वर्षों में देश गुलामी की हर सोच से मुक्ति पाने की राह पर चल पड़ा है। रेस कोर्स रोड, लोक कल्याण मार्ग के रूप में प्रतिष्ठित हुआ, राजपथ अब कत्र्तव्य पथ है, नैशनल वॉर मैमोरियल बना, इंडिया गेट पर नेताजी सुभाष चंद्र बोस की प्रतिमा लगी, सरदार पटेल को समॢपत विश्व की सबसे बड़ी मूर्ति स्टैच्यू ऑफ यूनिटी बनी। 

देश को आजाद हुए 75 वर्ष हो गए। आज भारत विश्व के सबसे बड़े लोकतंत्र के रूप में जाना जाता है लेकिन इतने वर्षों बाद भी लोकतंत्र का हमारा मंदिर संसद ब्रिटिशकालीन निर्मित भवन में चल रहा था, जिसे संसद भवन के रूप में बनाया ही नहीं गया था। वर्षों से नए संसद भवन की जरूरत थी। मैंने भी एक सांसद के रूप में एक नए भवन की जरूरत महसूस की थी। कई बार इस पर चर्चा हुई लेकिन पहल नहीं की गई। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने नए संसद भवन के निर्माण का बीड़ा उठाया और रिकॉर्ड समय में हमारा नया संसद भवन बन कर तैयार हुआ। पूरा देश इस ऐतिहासिक क्षण का गवाह बना। यह भारत के महान लोकतांत्रिक मूल्यों के संरक्षण एवं संवर्धन में महत्ती योगदान देगा। संसद भवन में देश की आजादी के समय सत्ता हस्तांतरण के प्रतीक सेंगोल को भी पूरे विधि-विधान के साथ स्थापित किया गया, जो हमारी महान विरासत का प्रतीक है। इस ऐतिहासिक अवसर का साक्षी बनने का सौभाग्य मुझे भी मिला। 

नरेन्द्र मोदी सरकार के 9 वर्षों में भारत ने कई चुनौतियों को परास्त करते हुए इसे देश के लिए अवसर में बदला है। कोरोना काल में देश ने जिस तरह एकजुटता दिखाई और इसे मात दी, वह वाकई काबिले तारीफ है। कोरोना और रूस-यूक्रेन युद्ध तथा दुनिया में आई आर्थिक मंदी के बावजूद भारत सबसे तेज गति से आर्थिक विकास कर रहा है। नरेन्द्र मोदी सरकार के विजन से भारत 9 वर्षों में दुनिया की 5वीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बना। भारत रक्षा क्षेत्र में भी आत्मनिर्भरता की ओर अग्रसर है। भारत आज रक्षा उत्पादों का निर्यात भी कर रहा है। सीमा सुरक्षा मजबूत हुई है। सीमा सुरक्षा और सीमा पर बसे गांवों में रहने वाले लोगों के सशक्तिकरण के उद्देश्य के साथ शुरू हुए वाइब्रैंट विलेज प्रोग्राम की जितनी तारीफ की जाए, कम है। 

बीते 9 सालों में ऐसी कई परियोजनाएं पूरी हुईं, जिन्हें वर्षों पहले शिलान्यास का पत्थर लगाकर या फिर काम शुरू करने की खानापूर्ति कर अधूरा छोड़ दिया गया था। लगभग 400 से अधिक परियोजनाएं ऐसी थीं, जिन्हें कांग्रेस सरकार ने शिलान्यास करके छोड़ दिया था। इनसे न देश को लाभ मिल रहा था, तिस पर इनकी लागत भी बढ़ती जा रही थी। कई परियोजनाएं 30-40 साल से अधूरी लटकी हुई थीं। नरेन्द्र मोदी सरकार ने इन सभी परियोजनाओं को रिकॉर्ड समय में पूरा कर देश को समर्पित किया। 

मैं बीते 9 साल को भारत की आशा, आकांक्षा और विश्वास के 9 साल मानता हूं, जहां देश के हर एक नागरिक को अपने देश पर गर्व हुआ है। बीते 9 वर्षों में भारत प्रगति, प्रकृति, मानवता और लोक-कल्याण का अद्भुत संगम बना है। इन 9 वर्षों में भविष्य के भारत की नींव रखी गई है, जो 2047 में विकसित भारत के लक्ष्य को पूरा करने में सहायक होगी। आइए, हम सब देशवासी एकजुट होकर देश के पुनर्निर्माण के यज्ञ में अपनी आहुति दें और भारत को विश्वगुरु के पद पर प्रतिष्ठित करने में अपने आप को समर्पित करें।-राम नाथ कोविंद(पूर्व राष्ट्रपति, भारत)


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News