‘बेरोजगारों को नौकरी का झांसा दे’ लूटने के बढ़ रहे अपराध!
punjabkesari.in Wednesday, Jul 15, 2026 - 03:33 AM (IST)
भारत में बेरोजगारी की दर 5.5 प्रतिशत है। इसका मतलब है कि देश में 5 से 6 करोड़ के बीच लोग बेरोजगार हैं। इन्हीं बेरोजगारों को सरकारी और गैर-सरकारी नौकरियां दिलाने का झांसा देकर बड़े पैमाने पर ठगा जा रहा है जिसकी पिछले साढ़े चार महीनों की घटनाएं निम्न में दर्ज हैं :
* 27 फरवरी को ‘गोंडा’ (उत्तर प्रदेश) में रूस में नौकरी दिलाने के नाम पर धोखेबाज एजैंटों द्वारा अनेक युवाओं से करोड़ों रुपए की ठगी मारने के मामले में पुलिस ने 6 आरोपियों के विरुद्ध केस दर्ज किया।
* 1 मार्च को ‘नोएडा’ (उत्तर प्रदेश) में इंगलैंड और अमरीका में ऊंची सैलरी वाली नौकरी दिलाने का झांसा देकर 100 से अधिक लोगों से 70 लाख रुपए की ठगी करने वाले 2 जालसाजों को पुलिस ने गिरफ्तार किया।
नौकरी न मिलने पर जब पीड़ित अपनी रकम वापस मांगते तो आरोपी उन्हें धमकी देकर उनसे सम्पर्क तोड़ लेते थे। पुलिस ने आरोपियों के पास से 9 पासपोर्ट, 4 मोबाइल फोन, 67 फर्जी जॉब पैम्फलेट, कई फर्जी एयरलाइन टिकट, 9 फर्जी वीजा प्रिंट आऊट आदि बरामद किए।
* 16 अप्रैल को ‘सिरसा’ (हरियाणा) में नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी का शिकार हुए पीड़ितों ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया कि एक जालसाज ने प्रति उम्मीदवार लगभग 50,000 रुपए लेकर उन्हें ‘हरियाणा कौशल विकास निगम’ में नौकरी दिलाने का भरोसा दिलवाया था परन्तु बाद में मुकर गया और रुपए वापस मांगने पर झूठे केस में फंसाने की धमकी देने लगा।
* 30 अप्रैल को ‘चेन्नई’ (तमिलनाडु) में पुलिस ने एक स्थानीय कांग्रेसी नेता सहित 2 लोगों के विरुद्ध ‘रमाना’ नामक एक महिला को सरकारी स्कूल में अध्यापिका की नौकरी दिलाने का झांसा देकर उससे 4.8 लाख रुपए ठगने के आरोप में केस दर्ज किया।
* 16 जून को ‘जालंधर’ (पंजाब) में स्वयं को उच्च प्रशासनिक अधिकारी बता कर लोगों को सरकारी नौकरियां दिलवाने का झांसा देकर लाखों रुपए ठगने के आरोप में ‘पूजा ठाकुर’ नामक महिला को पुलिस ने गिरफ्तार किया।
* 12 जुलाई को ‘नोएडा’ (उत्तर प्रदेश) में साइबर क्राइम पुलिस ने नौकरी दिलाने का झांसा देकर ठगी करने वाले एक फर्जी कॉल सैंटर पर छापेमारी करके 5 आरोपियों को पकड़ा।
आरोपियों ने पूछताछ के दौरान स्वीकार किया कि वे बेरोजगार युवाओं को प्रतिष्ठिïत एविएशन कंपनियों और ट्रेनिंग संस्थानों में नौकरी दिलाने का झांसा देकर उनसे मोटी रकम ऐंठते थे।
* 13 जुलाई को ‘गोरखपुर’ (उत्तर प्रदेश) में लोगों को नौकरी दिलाने का झांसा देकर देश भर में ठगी करने वाले गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश करके इसके एक सदस्य ‘शिवम साहनी’ को गिरफ्तार किया जबकि उसके अन्य साथियों की तलाश जारी है। पुलिस के अनुसार इस गिरोह ने लोगों से लगभग साढ़े 8 करोड़ रुपयों की ठगी की।
* 13 जुलाई को ही ‘भादरा’ (राजस्थान) में एक युवक को ‘स्पेन’ में वेटर की नौकरी दिलाने का झांसा देकर उससे 5 लाख रुपए ठगने के आरोप में पुलिस ने 4 लोगों के विरुद्ध केस दर्ज किया
* 14 जुलाई को ‘यमुनानगर’ (हरियाणा) में ‘विशाल’ नामक युवक ने ‘अमित कुमार’ नामक ठग के विरुद्ध नगर निगम में नौकरी दिलाने का झांसा देकर उससे 1.69 लाख रुपए ठगने के आरोप में शिकायत दर्ज करवाई।
* 14 जुलाई को ही ‘अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय’ में नौकरी दिलाने का झांसा देकर एक व्यक्ति से 45 लाख रुपए ठगने तथा नौकरी न मिलने पर रकम वापस मांगने पर धमकियां देने के आरोप में पुलिस ने ‘सोमवीर सिंह’ नामक स्थानीय भाजपा नेता को गिरफ्तार किया।
पहले ही रोजगार न होने के कारण आर्थिक तंगी के शिकार लोगों की मजबूरी का लाभ उठाते हुए उन्हें ठगना गंभीर अपराध है, अत: बेरोजगार लोगों से नौकरियों के नाम पर छल करने के जिम्मेदार लोगों पर फास्ट ट्रैक अदालतों में केस चला कर उन्हें जल्द से जल्द कड़ा दंड दिया जाना चाहिए ताकि मजबूर लोग ऐसे समाज विरोधी तत्वों के झांसे में आने से बच सकें।—विजय कुमार
