भारत के वीर पोर्टल के जरिए करें शहीदों के परिवारों की सहायता

punjabkesari.in Monday, Jul 18, 2022 - 06:23 PM (IST)

‘शौर्य दिवस’ के अवसर  पर साल 2017 में केंद्र सरकार ने ‘भारत के वीर’ पोर्टल लॉन्च किया था। इस पोर्टल की शुरूआत शहीद जवानों के परिवारों को आर्थिक सहातया प्रदान करने के नेक इरादे से की गई थी। इसके ब्रांड अंबेस्डर बॉलीवुड अभिनेता ‘अक्षय कुमार’ हैं। भारत के वीर में अपना योगदान देने के लिए दो विकल्प ‘ब्रेवहार्टस’ और ‘भारत के वीर कॉर्पस फंड’ हैं। बेवहार्ट्स विकल्प के तहत कोई भी व्यक्ति अपनी इच्छानुसार सीधे शहीद के परिजनों के बैंक खाते में दान दे सकते हैं। यह दान सीधे केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों के शहीद जवानों के परिजनों के खाते में जाता है।

इसमें वह सभी शहीद जवान शामिल किए गए हैं, जो 1 जनवरी 2016 या उसके बाद शहीद हुए हैं। आप जब ‘भारत के वीर’ ऑनलाइन पोर्टल खोलते हैं तो आपकी स्क्रीन के ऊपर केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों के शहीद जवानों की फोटो और बहादुरी का संक्षिप्त विवरण आता है, जिसमें उन जवानों ने शहादत प्राप्त की है। आप अपनी इच्छानुसार किसी भी शहीद के परिजनों के खाते में 15 लाख तक की राशि दान कर सकते हैं जो सीधा उसके परिवार के उत्तराधिकारी के खाते में जाती है। किसी एक शहीद के बैंक खाते में दाने करने की अधिकतम सीमा 15 लाख रुपए है। यदि आप इससे ज्यादा दान करना चाहते हैं तो दूसरे शहीद जवान के परिवार को दान कर सकते हैं। 15 लाख रुपए की राशि प्राप्त होते ही स्वतः ही शहीद जवान का विवरण ‘भारत के वीर’ पोर्टल से हट जाता है और डैशबोर्ड में चला जाता है। ताकि कभी भी संबंधित शहीद जवान का रिकॉर्ड देखा जा सके।

इसके अलावा आप दूसरे विकल्प ‘भारत के वीर कॉर्पस फंड’ में भी अपनी इच्छानुसार दान कर सकते हैं। इसकी कोई अधिकतम सीमा नहीं है। इसमें उपलब्ध राशि का उचित सदुपयोग करने हेतु ‘भारत के वीर ट्रस्ट’ की स्थापना 23 जुलाई 2018 को हुई थी। भारत सरकार के शीर्ष अधिकारी इस ट्रस्ट के सदस्य हैं। जिसका मुख्य उद्देश्य केंद्रीय पुलिस बलों के शहीद, घायल, रिटायर और सेवारत जवानों के परिवारों के कल्याण संबंधित योजनाओं का क्रियान्वयन करना है। भारत के वीर पोर्टल में दान की गई राशि पर आयकर की धारा 1961 की उपधारा (80G) के तहत 50 प्रतिशत छूट प्राप्त है। विदेशी नागरिक भी इस कोष में दान कर सकते हैं।

कॉर्पोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (CSR) के तहत कॉर्पोरेट सेक्टर भी ‘भारत के वीर’ में शहीदों के परिवारों के कल्याण के ले अपना योगदान दे सकते हैं।

ऐसे कर सकते हैं दान

  • ऑनलाइन या चेक/डीडी के माध्यम से
  • ऑनलाइन दान के लिए आपको भारत के वीर पोर्टल ‘bharatkeveer.gov.in’ पर जाना होगा। जहां आपको ‘Contribure To’ पर जाना होगा।
  • उसके बाद नीचे ऑप्शन सामने आएंगे।

1.Bravehearts (यदि आप किसी शहीद जवान के उत्तराधिकारी को सीधे दान देना चाहते हैं।
2. Bharat Ke Veer Corpus Fund (यदि आप भारत के वीर फंड में दान करना चाहते हैं)

  • ऑनलाइन दी गई राशि की रसीद आपको प्राप्त हो जाएगी।
  • यदि आप चेक/डीडी के माध्यम से दान करना चाहते हैं तो आपको भारत के वीर नाम से चेक/डीडी निम्नलिखित पते पर भेजना होगा-
  • मैनेजिंग ट्रस्टी
  • भारत के वीर
  • महानिदेशालय, के.रि.पु.बल
  • सी.जी.ओ. कॉम्प्लेक्स, लोधी रोड
  • नई दिल्ली- 110003
     

दोनों प्रक्रियाओं में अपना मोबाइल नंबर रजिस्टर करना अनिवार्य है ताकि दान की गई राशि का प्रमाणपत्र निर्गत किया जा सके। यह भी उल्लेखनीय है कि इस पोर्टल में यह सुविधा भी दी गई है कि कोई भी व्यक्ति किसी भी शहीद जवान को डिजिटल माध्यम से श्रद्धांजलि दे सकता है। इसके अलावा यदि किसी को फिर भी दान करने में किसी भी प्रकार की समस्या का सामना करना पड़ता है तो ‘भारत के वीर’ वेबसाइट पर संपर्क में दिए गए नंबर्स पर कॉल करके अधिक जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।

धुंधले न कभी होंगे किरदार शहीदों के
सरदार भगत सिंह हैं सरदार शहीदों के
आओ ऐ जहां वालों कुछ ऐसा करें मिलकर
भटके न जमाने में परिवार शहीदों के
वो जिनके लिए हंसकर कुरबान हुए लोगों
वो ख्वाब न हो जाएं बेकार शहीदों के
आओ ऐ ‘विजय’ दिल से हम याद करें उनको
हम लोगों पर है उपकार शहीदों के
जय हिंद, जय भारत।

-विजय कुमार, उप कमाण्डेंट (कल्याण स्पेशल सेल)
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Related News