‘थानों में रखा जब्त सामान’ अब चोरी होने लगा !
punjabkesari.in Sunday, Jun 28, 2026 - 02:07 AM (IST)
सरकार के भरसक प्रयासों के बावजूद देश में अपराधी तत्वों की गतिविधियां लगातार जारी हैं। इनके हौसले इतने बढ़ गए हैं कि अब तो ये पुलिस थानों के परिसरों तथा मालखानों तक में रखे जब्तशुदा सामान तक पर हाथ साफ कर रहे हैं और इसमें कुछ पुलिस कर्मी भी शामिल पाए जा रहे हैं, जिनकी मात्र लगभग 5 महीनों की घटनाएं निम्न में दर्ज हैं :
* 22 जनवरी को ‘बिलासपुर’ (छत्तीसगढ़) के थाना परिसर में खड़ी दर्जनों जब्त की गई मोटरसाइकिलों से पैट्रोल और कीमती पार्ट्स की चोरी का मामला सामने आया। कोर्ट से वाहन रिलीज होने का आदेश लेकर पहुंचे पीड़ितों ने शिकायत की कि थाने के अंदर सुरक्षित खड़ी उनकी गाडिय़ों के टायर, साइलैंसर और बैटरियां गायब थीं। लोगों के विरोध के बाद थाना प्रभारी ने रात की गश्त बढ़ाने और परिसर में नए सी.सी.टी.वी. कैमरे लगाने का आश्वासन दिया।
* 10 मार्च को ‘जयपुर’ (राजस्थान) में एक मामले के निपटारे के बाद जब कोर्ट के आदेश पर वाहन मालिक पुलिस द्वारा जब्त की गई अपनी गाड़ी लेने थाना परिसर में पहुंचा तो वह यह देख कर हैरान रह गया कि उसकी गाड़ी के टायर, बैटरी और इंजन के कई हिस्से गायब थे।
* 10 अप्रैल को ‘गाजियाबाद’ (उत्तर प्रदेश) के ‘भोजपुर’ थाने के मालखाने से 80,000 रुपए की हेराफेरी करने के आरोप में थाने के हैड मुंशी गजेंद्र सिंह के विरुद्ध केस दर्ज किया गया।
* 12 जून को ‘कानपुर’ (उत्तर प्रदेश) के ‘गोविंद नगर’ थाना मालखाने से जुए और सट्टेबाजी के मामलों में जब्त किए गए 41 लाख रुपए गायब पाए गए। यह मामला नए मालखाना इंचार्ज के कार्यभार संभालने के समय सामने आया। इस सिलसिले में पुराने हैड कांस्टेबल ‘दिनेश तिवारी’ (जो लखनऊ ट्रांसफर हो चुका था) के विरुद्ध अमानत में ख्यानत और हेराफेरी का मामला दर्ज किया गया है।
* 14 जून को ‘कानपुर’ देहात (उत्तर प्रदेश) के ‘मंगलपुर’ थाने के मालखाने से 443 जब्त वस्तुएं गायब पाई गईं। इस मामले में लापरवाही और हेराफेरी के आरोप में तत्कालीन मालखाना प्रभारी और वर्तमान उपनिरीक्षक राजेश सिंह को पुलिस अधीक्षक द्वारा निलंबित कर दिया गया।
* 19 जून को ‘सुपौल’ (बिहार) के ‘प्रतापगंज’ थाने के मालखाने में रखा सामान चोरी होने की शिकायत पर यहां रखे सामान की गिनती करने पर वहां रखी कफ सिरप की 6162 बोतलें, गाडिय़ों की बैटरियां तथा पुर्जे गायब होने के सिलसिले में थाने के 4 कर्मचारियों को गिरफ्तार किया गया।
* 20 जून को ‘फतेहाबाद’ (हरियाणा) के सदर थाना मालखाने से जब्त की गई अवैध शराब की 211 पेटियां गायब पाई गईं। इस सिलसिले में मालखाना के इंचार्ज हैड कांस्टेबल कमल कुमार को लापरवाही बरतने के आरोप में निलम्बित किया गया।
* और अब 27 जून को ‘फरीदाबाद’ (हरियाणा) के सैक्टर-8 पुलिस थाने के मालखाने से लोगों द्वारा सुरक्षा के लिए जमा कराए गए 2 लाख से 12 लाख रुपयों तक की कीमत के कई महंगे विदेशी पिस्टलों सहित 32 लाइसैंसी हथियारों की चोरी का मामला सामने आया।
इस सिलसिले में पुलिस ने एक छात्र सहित 20 आरोपियों को पकड़ा है। शुरुआती जांच के बाद मालखाना इंचार्ज ए.एस.आई. बिजेंद्र सिंह की लापरवाही सामने आने पर उसे निलम्बित कर दिया गया है।
उक्त घटनाओं से स्पष्टï है कि पुलिस विभाग में ही मौजूद चंद अपराधी तत्वों के सामने पुलिस किस कदर बेबस है। जब लोगों को चोरी-चकारी की घटनाओं से बचाने के लिए कायम की गई पुलिस के थाने में ही चोरी होने लगे तो यह अनुमान लगाना कठिन नहीं कि पुलिस विभाग के चंद सदस्य अपने कत्र्तव्य पालन में किस कदर लापरवाही बरत रहे हैं। अत: ऐसे मामलों में दोषी पाए जाने वाले कर्मचारियों और अधिकारियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करने की तुरंत जरूरत है।—विजय कुमार
