एपस्टीन प्रकरण : पश्चिमी नैतिकता का टूटता भ्रम

punjabkesari.in Thursday, Feb 05, 2026 - 05:34 AM (IST)

हर सभ्यता अपनी कुछ छवियां बनाती और कहानियां गढ़ती है। इसमें वह स्वयं को और दूसरों को बताती है कि उसका मूल उद्देश्य क्या है और वह किन मूल्यों को प्राथमिकता देती है। दूसरे विश्व युद्ध के बाद पश्चिमी संस्कृति के द्योतक देशों ने स्वयं को मानवाधिकारों का संरक्षक, कानूनी शासन का आदर्श, लैंगिक समानता का अग्रदूत, आधुनिक नैतिकता का मानक और स्वतंत्रता-अधिकारों का पैरोकार घोषित किया। यह स्वघोषणा केवल शब्दों तक सीमित नहीं रही, इसे पूरी दुनिया पर थोपने की भी कोशिश की गई। आर्थिक दबाव, राजनीतिक हस्तक्षेप, सांस्कृतिक प्रभुत्व और आवश्यकता पडऩे पर सैन्य शक्ति-इन सबके माध्यम से पश्चिमी मूल्यों को विश्व पर लागू किया गया। इसमें गैर-पश्चिमी सभ्यताओं को ‘पिछड़ा’ या ‘अप्रगतिशील’ बताकर हाशिए पर रखा गया।

परंतु जेफ्री एपस्टीन से संबंधित ‘एपस्टीन फाइल्स’, जिसकी नई खेप-35 लाख पन्ने, 2,000 वीडियो और डेढ़ लाख से अधिक तस्वीरें, अमरीकी न्याय विभाग ने गत 30 जनवरी को जारी की थी, उसने उस बनावटी नैतिक मुखौटे को चीरकर रख दिया, जिसे पश्चिमी दुनिया ने स्वयं की छवि के लिए तैयार किया था। जेफ्री एपस्टीन कोई गुमनाम और मामूली अपराधी नहीं था। वह एक संगठित शिकारी था, जिसे राजनीतिक, वित्तीय, शैक्षणिक और राजपरिवार समूहों का संरक्षण हासिल था। उस पर 2006 में नाबालिगों के यौन शोषण के आरोप लगे, पर 2008 में उसे असाधारण रूप से कानूनी राहत मिल गई। वर्ष 2019 में वह फिर संघीय यौन तस्करी के आरोपों में गिरफ्तार हुआ और न्यूयॉर्क की जेल में उसकी मौत को एकाएक ‘आत्महत्या’ घोषित कर दिया गया। इस पर आज सवाल उठते हैं।

एपस्टीन दस्तावेज-उड़ान रिकॉर्ड, संपर्क सूचियां, गवाहियां, बयान और आंतरिक पत्राचार-उस गठजोड़ का विवरण देते हैं, जिसमें एपस्टीन राष्ट्रपति, धनाढ्यों, मीडिया, विश्वविद्यालय, राजघरानों आदि सबके बीच सहज रूप से उठता-बैठता था। यह स्पष्ट है कि दस्तावेजों में केवल नामों का उल्लेख अपराध की पुष्टि नहीं करता, किंतु इस लंपट के आसपास प्रभुत्व हस्तियों का घेरा, पश्चिमी नैतिकता के पतन की ओर इशारा अवश्य करता है। एपस्टीन का विमान, जिसका नाम ‘लोलिता एक्सप्रैस’ था, वह दुनिया के सबसे शक्तिशाली व्यक्तियों को उसके निजी द्वीप और आवासों तक ले जाता था। यह घटनाक्रम उस सांस्कृतिक चिंतन का परिणाम है, जिसमें स्वतंत्रता को जिम्मेदारी से, इच्छाओं को संयम से और अधिकारों को कर्तव्यों से अलग कर दिया गया। जब मानव शरीर का बाजारीकरण, स्वतंत्रता-आधुनिकता के नाम पर वैध ठहराया जाने लगे और वह जीवन का हिस्सा बन जाए, तो वहां सशक्तिकरण का स्थान शोषण-क्रूरता ले लेती है।

‘एपस्टीन फाइल्स’ पश्चिमी आधुनिकता का अपवाद नहीं, बल्कि उसी नैतिक भौंडेपन का ताॢकक परिणाम है, जिसमें 40 प्रतिशत अमरीकी युवा अकेलेपन, अवसाद और मानसिक अस्वस्थता से जूझ रहे हैं, जिससे वाॢषक 400-600 सामूहिक गोलीबारी की घटनाओं का जन्म होता है। 1960 में केवल 13 प्रतिशत अमरीकी अकेले रहते थे, जो 2022 में बढ़कर 29 प्रतिशत हो गए। तलाक दर 40-80 प्रतिशत के बीच है, तो एक-तिहाई युवा अमरीकी अपने माता-पिता के साथ नहीं रहना चाहते। 2019 में अमरीकी सरकार ने बुजुर्गों की देखभाल पर 1.5 ट्रिलियन डॉलर खर्च किए थे, जिसके 2029 तक दोगुना होने की संभावना है। यही नहीं, ‘री-होमिंग’ नामक भूमिगत आयोजनों से ‘अनचाहे’ बच्चों की परेड कराकर उन्हें नए अभिभावकों तक पहुंचाया जाता है। ये सामाजिक दरारें उसी तथाकथित ‘पश्चिमी मॉडल’ की हैं, जिसे कभी सार्वभौमिक आदर्श माना गया था। इतिहास भी पश्चिमी नैतिक दावों की असलियत दिखाता है। चर्च प्रेरित इंक्विजिशन में लाखों लोगों को जलाकर और असंख्य महिलाओं को चुड़ैल घोषित कर यातना देकर मार डाला गया था। अमरीका, ऑस्ट्रेलिया, कनाडा और न्यूजीलैंड में मूल निवासियों की संस्कृति को ध्वस्त किया गया। भारत में दलित-जनजातियों और अमरीका में अश्वेतों की सांस्कृतिक पहचान छीन ली गई। 

चर्च प्रेरित संस्थानों में यौन अपराधियों की रक्षा का भी इतिहास रहा है। वर्ष 2004 की जॉन जे रिपोर्ट ने अमरीका में 4,392 पादरियों के यौन शोषण का खुलासा किया था। ऐसे ही अक्तूबर 2022 में फ्रांसीसी चर्चों में पादरियों द्वारा 3,30,000 बच्चों के यौन शोषण का भंडाफोड़ हुआ था। इस प्रकार के कई मामले हैं और इसी शृंखला की नई कड़ी ‘एपस्टीन फाइल्स’ हैं। दुर्भाग्य से औपनिवेशवाद का शिकार रहे भारत सहित कई देशों ने पश्चिमी ढांचे को आधुनिकता समझा। यह सुखद है कि भारत धीरे-धीरे अपनी कालजयी सनातन नैतिकता की ओर लौट रहा है। यहां ‘धर्म’ केवल पूजा-पद्धति नहीं, जिम्मेदारी का मार्ग है। सूर्य का ‘धर्म’ प्रकाश देना, जल का जीवन देना है। इसी प्रकार पिता, माता, शिक्षक और शासक का ‘धर्म’ उनके दायित्वों को निभाना है। ‘एपस्टीन फाइल्स’ केवल आपराधिक ताना-बाना नहीं, बल्कि एक सभ्यता की विफलता है। भारत को इससे सीखना चाहिए कि पश्चिम की त्रुटियों को न दोहराएं, बल्कि अपने कर्म, धर्म, संयम और नैतिक उत्तरदायित्व पर आधारित सभ्यतागत विरासत को मजबूत करें।-बलबीर पुंज
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Related News