पंजाब में 107 वर्ष पूर्व अमृतसर के डी.सी. को जारी हुआ पहला बिजली कनैक्शन

punjabkesari.in Thursday, Feb 09, 2023 - 05:37 AM (IST)

भारत में करीब 124 वर्ष पहले 1899 में बिजली का व्यापारिक तौर पर उत्पादन किया गया। देश के अग्रणी राज्य पंजाब में पूरे 107 वर्ष पूर्व 8 फरवरी 1916 को बिजली का पहला कनैक्शन जारी किया गया। 

पंजाब स्टेट पावर कार्पोरेशन लिमिटेड (पी.एस.पी.सी.एल.) के संचालन बार्डर जोन के प्रमुख अभियंता बाल कृष्ण के अनुसार अमृतसर के हाल गेट के सबसे पुराने बिजली विभाग के सबसे पुराने दफ्तर की ओर से ढूंढे गए दस्तावेजों से इस बात का खुलासा होता है कि पहला बिजली कनैक्शन प्रमुख इलैक्ट्रिकल इंजीनियर एच.सी. ग्रीनवुड की ओर से मंजूर किया गया था। 11 दिसम्बर 1915 को म्युनिसिपल इलैक्ट्रिसिटी विभाग की ओर से अमृतसर के डिप्टी कमिश्रर के घर के लिए बिजली का पहला कनैक्शन जारी करने के लिए आवेदन किया गया। 

सी.एम. किंग उस समय अमृतसर के डिप्टी कमिश्रर थे। बिजली कनैक्शन जारी करने के लिए आदेश संख्या एक नंबर तिथि 8 फरवरी 1916 के माध्यम से पहला बिजली कनैक्शन जारी किया गया। इसके लिए आवेदनकत्र्ता को 65 रुपए जमा करवाने के लिए कहा गया। पी.एस.पी.सी.एल. के पास रखे रिकार्ड के अनुसार 1917 में बिजली की दरें 8 आने प्रति यूनिट थीं और इसमें 25 फीसदी की छूट दी गई थी। 

अपरबारी दोआब नहर के स्थान पर जहां पर 1915 में शहर के लिए बिजली पैदा करने हेतु टर्बाइनें लगाई गई थीं, को हृदय प्रोजैक्ट के तहत सुरक्षित रखा गया है। पी.एस.पी.सी.एल. की ओर से 1995 में नगर पालिका बिजली विभाग को अपने कब्जे में लेने के बाद यह काफी लम्बा सफर तय कर चुका है।(अंडर सैक्रेटरी लोक सम्पर्क विभाग पी.एस.पी.सी.एल.)-मनमोहन सिंह
    


सबसे ज्यादा पढ़े गए