केंद्रीय मंत्री उपेन्द्र कुशवाहा निर्विरोध रालोसपा के अध्यक्ष चुने गए

Sunday, Sep 25, 2016 - 04:46 PM (IST)

नई दिल्ली : केंद्र में सत्तारूढ़ राजग की घटक राष्ट्रीय लोक समता पार्टी  (रालोसपा) के राष्ट्रीय अधिवेशन में आज केंद्रीय मंत्री उपेन्द्र कुशवाहा को निर्विरोध पार्टी का राष्ट्रीय अध्यक्ष चुन लिया गया। पार्टी ने बिहार में सत्तारूढ़ गठबंधन खासतौर पर राजद प्रमुख लालू प्रसाद पर परोक्ष प्रहार करते हुए कहा कि वंशवाद एवं परिवारवाद भारतीय राजनीति में कोढ़ बन गए हैं और रालोसपा अपने उसूलों पर कायम रहते हुए सभी वर्गो को साथ लेकर चलने को प्रयासरत है। 

रालोसपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष का चुनाव एेसे समय में हुआ है जब हाल ही में पार्टी के एक सांसद अरुण कुमार ने पार्टी सुप्रीमो उपेन्द्र कुशवाहा के खिलाफ बगावत कर दी है। आज हुए चुनाव में केंद्रीय मंत्री उपेन्द्र कुशवाहा को निर्विरोध पार्टी का राष्ट्रीय अध्यक्ष चुन लिया गया। बैठक में राजनैतिक और आर्थिक प्रस्ताव भी पारित किये गए। रालोसपा के राजनैतिक प्रस्ताव में कहा गया है कि पिछले लोकसभा चुनाव में राष्ट्रीय लोक समता पार्टी को मिली सफलता से यह स्पष्ट है कि राष्ट्रीय पटल पर कांग्रेस का कमजोर नेतृत्व भविष्य में भी दिशा देने में असमर्थ होगा।

 गैर कांग्रेसवाद के एजेंडा पर चलने वाली पार्टियों की फिर वापसी होगी। इसमें कहा गया है कि विगत बिहार विधानसभा चुनाव का परिणाम पार्टी के अनुरूप नहीं रहा लेकिन खुशी इस बात की है कि हमने अपने उसूलों व सिद्धांतों से कोई समझौता नहीं किया। अंजाम की परवाह किए बिना पार्टी के निष्ठावान कार्यकर्ताआें को महत्व दिया और ईमानदार एवं स्वच्छ राजनीति को अपनाया। 

हम समाजवादी अवधारणाआें पर यकीन करते हुए सामाजिक न्याय, धर्मनिरपेक्षता और जन सरोकार जैसे मानवीय मूल्यों को आगे बढ़ा रहे हैं। रालोसपा के प्रस्ताव में कहा गया है कि जनता दलीलें नहीं, परिणाम चाहती है और परिणाम के लिए वह अनंतकाल तक प्रतीक्षा नहीं कर सकती। एेसे में हम तय समयावधि में कार्यक्रमों को पूरा करेंगे। प्रस्ताव में कहा गया है कि वंशवाद और परिवारवाद राजनीति में कोढ़ बन गए हैं और जो नए नेता आ रहे हैं, वे या तो किसी राजनीतिक परिवार से हैं या किसी नेता के रिश्तेदार हैं।

Advertising