आज विवाह के बंधन में बंधेंगे तेजप्रताप-ऐश्वर्या, बारातियों को परोसे जाएंगे चार शहरों के व्यंजन

Saturday, May 12, 2018 - 11:15 AM (IST)

पटनाः राजद अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव के बेटे तेजप्रताप की शादी पूर्व मंत्री चंद्रिका राय की बेटी ऐश्वर्या के साथ आज होने जा रही है। आज दोनों शादी के बंधन में बंधेंगे। शादी के लिए चारा घोटाला में सजायाफ्ता लालू प्रसाद यादव को पैरोल भी मिल गई है। लालू परिवार जोर-शोर से शादी की तैयारियां में जुटा हुआ है।

तेजप्रताप की शादी में बारातियों के लिए चार शहरों के मशहूर व्यंजन परोसे जाएंगे। इनमें कानपुर की इमरती, आगरा का पराठा, अमृतसर का कुलचा और पटना का लिट्टी चोखा खास हैं। बारातियों के खाने की थाली को तैयार करने की जिम्मेदारी कानपुर के मशहूर कैटरर भाटिया ग्रुप को मिली है। भाटिया ग्रुप ने ही उत्तरप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की शादी में खाना बनाया था। 

इस शादी में जिन खास मेहमानों को आमंत्रित किया गया है उनकी सूची काफी लंबी है। शादी में बिहार के राज्यपाल सतपाल मलिक सहित मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भी शामिल होंगे। इस शादी में कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी, उनकी बहन प्रियंका गांधी के साथ कई मंत्रियों के आने की संभावना है। उपमुख्यमंत्री सुशील मोदी एक हफ्ते के विदेश दौरे पर जा रहें हैं जिसके चलते उनका शादी में आना मुश्किल लग रहा है। 

वर्तमान मुख्यमंत्रियों में पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी, झारखंड के मुख्यमंत्री रघुवर दास के भी इस शादी में शामिल होने की संभावना है। शादी में उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव, बिहार के पूर्व सीएम जीतन राम मांझी, झारखंड के पूर्व सीएम शिबू सोरेन, हेमंत सोरेन, अर्जुन मुंडा के शामिल होने की भी पूरी संभावना जताई जा रही है। इस शादी के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमित शाह को भी निमंत्रण भेजा गया है। हालांकि उनके शादी में शामिल होने की संभावना ना के बराबर है। 

12 मई को तेजप्रताप और ऐश्वर्या का विवाह दुल्हन के पिता चंद्रिका राय के सरकारी आवास पांच सर्कुलर रोड पर संपन्न होगा। इसके अतिरिक्त जयमाला और भोज के कार्यक्रम का सारा प्रबंध पटना के वेटरनरी कॉलेज मैदान में होगा। वीवीआईपी गेस्ट को मिलाकर शादी में 6,000 मेहमान पहुंचने वाले हैं। वीवीआईपी मेहमानों के स्वागत के लिए दोनों ही परिवारों की ओर से खास इंतजाम किए जा रहे हैं।  
 

 

prachi

Advertising