बिहार महागठबंधन के घटक कांग्रेस ने राहुल को PM पद का प्रत्याशी बताया

Sunday, Aug 28, 2016 - 09:45 PM (IST)

पटना : बिहार में सत्तारूढ़ महागठबंधन के घटक कांग्रेस ने आज स्पष्ट कहा कि उनकी पार्टी की ओर से प्रधानमंत्री पद के एक मात्र प्रत्याशी राहुल गांधी ही होंगे। बिहार कांग्रेस के अध्यक्ष एवं शिक्षा मंत्री अशोक चौधरी ने यहां कहा कि वर्ष 2019 में होने वाले लोकसभा के चुनाव में उनकी पार्टी की ओर से राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राहुल गांधी ही प्रधानमंत्री पद के एक मात्र उम्मीदवार होंगे। 
 
गांधी में वह सभी गुन मौजूद है जो एक कद्दावर नेता में होना चाहिए। इसमें कभी भी बदलाव नही हो सकता है। वहीं महागठबंधन के घटक जनता दल यूनाइटेड(जदयू) के प्रदेश अध्यक्ष वशिष्ठ नारायण सिंह और राष्ट्रीय जनता दल(राजद) के प्रदेश अध्यक्ष डा रामचन्द्र पूर्वे ने कहा कि इसका फैसला राष्ट्रीय नेतृत्व को करना है। 
 
उल्लेखनीय है कि बिहार के मुख्यमंत्री एवं जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार को उनकी पार्टी प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार के रूप में प्रोजेक्ट करता रहा है। मुख्यमंत्री कुमार की शराबबंदी मुहिम और इसी को लेकर उनकी राष्ट्रव्यापी कार्यक्रमों को इससे जोड़ कर देखा जाता रहा है। समय-समय पर कांग्रेस की ओर से भी स्पष्ट किया जाता रहा है कि वर्ष 2019 के लोकसभा के चुनाव में उनके प्रधानमंत्री पद के प्रत्याशी गांधी होंगे । 
Advertising