बिहार सरकार बाढ़ एवं सुखाड़ पर विस्तृत रिपोर्ट तैयार करेगी

Thursday, Sep 01, 2016 - 05:06 PM (IST)

समस्तीपुर : बिहार सरकार राज्य के बाढ़ एवं सूखाग्रस्त क्षेत्रों का सर्वेक्षण कर जल्द ही विस्तृत रिपोर्ट तैयार करेगी।   समाज कल्याण मंत्री मंजू वर्मा ने आज यहां संवाददाताओं से बातचीत में कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के निर्देश पर अधिकारी बाढ़ एवं सुखाड़ का आकलन कर रहे हैं। उन्होने बताया कि समस्तीपुर समेत राज्य के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में विशेष शिविर लगाकर पीड़ितों के बीच युद्व स्तर पर प्रशासन की ओर से राहत कार्य चलाया जा रहा है।

वर्मा ने बताया कि समस्तीपुर जिले के 99 गांव के करीब तीन लाख की आबादी बाढ़ से प्रभावित है। प्रभावित इलाकों में 37 राहत केन्द्रों और करीब दो सौ नावों की सहायता से बाढ़ पीड़ितों के बीच राहत सामग्रियों का वितरण किया जा रहा है। उन्होने बताया कि समस्तीपुर जिले में अब तक तेरह लोगों की बाढ़ से मौत हो चुकी है। समाज कल्याण मंत्री ने बताया कि सरकार ने समस्तीपुर जिले में बाढ़ पीड़ितों के लिए करीब पांच हजार किं्वटल खाधान्न आवंटित किया है। इस मौके पर पूर्व सांसद अश्वमेध देवी , कांग्रेस के जिलाध्यक्ष मो. अबू तमीम और राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के जिला अध्यक्ष विनोद कुमार राय भी उपस्थित रहे। 
Advertising