हार-जीत चुनाव का हिस्सा, मजबूत विपक्ष बनेगी BJP: सुशील

Thursday, Nov 26, 2015 - 09:23 AM (IST)

पटना: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता और बिहार के पूर्व उप मुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी ने आज कहा कि उनकी पार्टी सदन के भीतर और बाहर जनता की अपेक्षाओं को पूरी मजबूती से रखेंगी। भाजपा के प्रदेश मुख्यालय में आयोजित पार्टी के मंच-मोर्चो के प्रमुख पदाधिकारियों और जिला प्रभारियों के साथ हुई बैठक को संबोधित करते हुए मोदी ने कहा कि चुनाव में हार-जीत होती रहती है। यह एक स्वभाविक प्रक्रिया है लेकिन हमें यह नहीं भूलना चाहिए कि राज्य के 1.30 करोड़ मतदाताओं ने पार्टी पर विश्वास कर हमारे पक्ष में मतदान किया।


उन्होंने कहा कि पार्टी राज्य में एक मजबूत विपक्ष की ताकत का एहसास सत्तारूढ़ महागठबंधन को कराएगी। इस मौके पर पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मंडल पांडेय ने कहा कि विधानसभा चुनाव में मिली हार के बावजूद कार्यकर्त्ताओं का उत्साह कम नहीं हुआ है और वे पार्टी के घोषित कार्यक्रमों को लेकर पंचायत स्तर तक सघन कार्यक्रम की तैयारी में जुटे है। बैठक को प्रदेश संगठन महामंत्री नागेन्द्र जी, सह संगठन मंत्री शिवनारायण, प्रदेश उपाध्यक्ष लाल बाबू प्रसाद, प्रदेश महामंत्री डा0 संजीव चौरसिया, सुधीर कुमार शर्मा ने भी संबोधित  करते हुए कार्यकर्ताओं से अपना मनोबल बुलंद रखने और राज्य की जनता से जुड़े रहने का आह्वान किया।

Advertising