बिहार में बाढ़ से हाल बेहाल, अब तक 22 की मौत

punjabkesari.in Thursday, Jul 28, 2016 - 08:49 PM (IST)

पटना: बिहार में अब तक बाढ़ से 22 लोगों के मरने के साथ प्रदेश के 10 जिलों के 17.85 लाख लोग प्रभावित हैं। बिहार आपदा प्रबंधन विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रदेश में अब तक बाढ़ से 22 लोगों के मरने के साथ प्रदेश के 10 जिलों के 17.85 लाख लोग प्रभावित हुए हैं।
 
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने गुरुवार को बाढ़ प्रभावित जिलों के भागलपुर, कटिहार, पूर्णिया, किशनगंज और अररिया का हवाई सर्वेक्षण किया तथा बाद में पूर्णिया प्रमंडल मुख्यालय में जिलाधिकारियों और पुलिस अधीक्षकों के साथ बाढ़ प्रभावित जिलों में राहत और बचाव कार्य की समीक्षा की।
 
नेपाल में लगातार हो रही बारिश से बिहार से गुजरने वाली वहां की नदियों में जलस्तर बढऩे के कारण प्रदेश के इन जिलों में बाढ़ की स्थिति उत्पन्न हुई है। कल तक बिहार में बाढ़ से 17 लोगों की मौत हुई थी, पर आज यह संख्या बढ़कर 22 हो गई है। 
 
बाढ़ के कारण बिहार में 3.88 लाख लोग विस्थापित हुए हैं जिनमें से 1.37 लाख लोग सरकार द्वारा चलाए जा रहे 357 राहत शिविरों में शरण लिए हुए हैं। बाढ़ प्रभावित इलाकों में राहत एवं बचाव कार्य के लिए एनडीआरएफ की नौ टीम को लगाया गया है तथा इसके अतिरिक्त तीन जिलों अररिया, पूर्णिया और किशनगंज में एसडीआरएफ की भी टीम लगाई गई हैं।
 
मुजज्फरपुर, मधुबनी, सहरसा, मधेपुरा और मधुबनी जिलों से पूर्णिया इलाके के बाढ़ प्रभावितों के लिए सूखा खाद्य सामग्री के 15-15 हजार पैकेट भेजे गए हैं। सूखा खाद्य सामग्री पैकेट में 500 ग्राम सत्तू, 2 किलोग्राम चूडा, 250 ग्राम चीनी, नमक का छोटा पैकेट, मोमबत्ती, माचिस के पैकेट, एक टार्च और दूध पाउडर आदि शामिल हैं।

सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News