माओवादी संगठन का नंबर दो नेता सुबोध सिंह पटना से गिरफ्तार

Saturday, May 26, 2018 - 05:28 PM (IST)

पटनाः बिहार की राजधानी पटना के कंकड़बाग थाना क्षेत्र से पुलिस ने प्रतिबंधित नक्सली संगठन भारत की कम्युनिस्ट पार्टी (माओवादी) में कथित नंबर दो का स्थान रखने वाले कट्टर माओवादी सुबोध कुमार सिंह को गिरफ्तार कर लिया है।

वरीय पुलिस अधीक्षक मनु महाराज ने बताया कि झारखंड पुलिस की विशेष टीम ने कंकड़बाग पुलिस के सहयोग से भोजपुर कॉलोनी स्थित शैलेन्द्र कुमार द्विवेदी के मकान में छापेमारी कर माओवादी सुबोध कुमार सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार माओवादी भोजपुर कॉलोनी स्थित शैलेन्द्र के मकान में किराएदार के तौर पर पिछले कुछ समय से रह रहा था। उन्होंने बताया कि करीब एक पखवाड़े पूर्व झारखंड के चाईबासा के गोलतेरा थाना क्षेत्र में पुलिस के साथ मुठभेड़ के बाद भागने के क्रम में सुबोध पहाड़ से गिर गया था जिससे उसकी रीढ़ की हड्डी टूट गई थी।

मनु महाराज ने बताया कि घायल सुबोध वहां से भाग कर पटना पहुंचा और किराए का मकान लेकर अपना इलाज करवा रहा था। सूचना के आधार पर उक्त मकान पर छापेमारी कर सुबोध को गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार माओवादी जहानाबाद जिले के सिकरिया थाना क्षेत्र का रहने वाला है। गिरफ्तारी के बाद सुबोध को स्वास्थ्य परीक्षण के लिए पटना मेडिकल कॉलेज अस्पताल स्वास्थ्य ले जाया गया। गिरफ्तार माओवादी को शनिवार को अदालत के समक्ष पेश किया जाएगा। 

prachi

Advertising