कर्नाटक की जनता ने कांग्रेस की भ्रष्ट राजनीति को किया खारिजः सुशील मोदी

Wednesday, May 16, 2018 - 11:22 AM (IST)

पटनाः बिहार के उपमुख्यमंत्री ने ट्वीट करते हुए कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि कर्नाटक की जनता ने कांग्रेस के भ्रष्ट शासन और वोट के लिए समाज को बांटने की राजनीति को खारिज कर दिया है। जनता ने भाजपा को सबसे बड़े दल के नाते नई सरकार का नेतृत्व करने का अवसर दिया। 

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि दक्षिणी राज्य में पार्टी की यह सफलता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की उन नीतियों का समर्थन है जिससे मात्र चार साल के दौरान देश के किसानों, युवाओं, महिलाओं के जीवन में तेजी से बदलाव आया। जनता का भरोसा खोने वाले लोग सत्ता के लिए पिछले दरवाजे पर जोर लगा रहें हैं।

सुशील मोदी ने कहा कि बिहार-यूपी के उपचुनाव तक चुनाव आयोग की वोटिंग मशीनें ठीक थीं और जिन पर 14 मई तक कोई आपत्ति भी नहीं दर्ज करवाई गई थी, लेकिन 15 मई की दोपहर से संदेह प्रकट किए जाने लगे। चुनाव हो या मुकद्दमा, हारने पर संवैधानिक संस्थाओं को कोसना विपक्ष की आदत बन गया है। कर्नाटक पराजय के बाद क्या मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ महाभियोग लाया जाएगा। 

उपमुख्यमंत्री ने कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी पर तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस-मुक्त भारत अभियान में एक और सफलता के साथ वंशवादी पार्टी केवल तीन राज्यों में सिमट गई है, इसलिए राहुल गांधी 2019-20 तक अपने परदादा की तरह एक किताब लिख रहे होंगे, जिसका शीर्षक होगा- कांग्रेसः एक खोज। 


 

prachi

Advertising