2020 तक एक करोड़ युवा बनेंगे हुनरमंदः मुख्यमंत्री

Saturday, Apr 21, 2018 - 03:56 PM (IST)

पटनाः बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि उनकी सरकार ने साल 2020 तक राज्य के एक करोड़ युवाओं को हुनरमंद बनाने का लक्ष्य रखा है। नीतीश कुमार ने राजधानी पटना के वेटनरी कॉलेज ग्राउंड में राज्य स्तरीय कौशल प्रतियोगिता कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि राज्य सरकार ने कौशल विकास के लिए कई स्तर पर काम शुरू किया है। 

मुख्यमंत्री ने कहा कि कौशल विकास मिशन के तहत एक करोड़ युवाओं को पांच वर्षो में हुनरमंद बनाने का लक्ष्य दिया गया था। शुरुआती तीन वर्षों में काफी कठिनाईयां रहीं और अब वर्ष 2020 तक इस लक्ष्य को प्राप्त करना है। नीतीश कुमार ने कहा कि बिहार में युवाओं की आबादी सबसे अधिक है, उन्हें दक्ष बनाकर रोजगारपरक बनाया जा सकता है। इन युवाओं का उपयोग देश के अंदर अन्य राज्यों एवं विदेशों में हो सकता है। आज देश के विकसित राज्यों एवं विदेशों में दक्ष युवाओं की मांग है। बिहार के युवा अपने को हुनरमंद बनाकर अपनी उपयोगिता साबित कर सकते हैं। 

सीएम नीतीश कुमार ने कहा कि हमने शुरु में ही अपने अधिकारियों से कहा था कि आप योजना बनाइए पैसे की चिंता मत कीजिए। उस समय पूरे बिहार का बजट 22 हजार करोड़ रुपए का हुआ करता था। इस साल का बजट आकार एक लाख 80 हजार करोड़ रुपए का है, जिसमें 90 हजार करोड़ रुपए विकास कार्यों में खर्च होंगे। शिक्षा, स्वास्थ्य, कल्याण, उद्योग जैसे हर विभागों में काम होना है। बिहार में स्किल्ड युवाओं के लिए रोजगार की काफी संभावनाएं हैं।

Punjab Kesari

Advertising