भाजपा के 'शत्रु' की पार्टी को खुली चुनौती, कहा- हिम्मत है तो निष्कासित करके दिखाएं

Sunday, Apr 22, 2018 - 02:25 PM (IST)

पटनाः भाजपा नेता व सांसद शत्रुघ्न सिन्हा ने पार्टी को नई चुनौती दी है। उन्होंने कहा कि अगर पार्टी में हिम्मत है तो वह उन्हें निष्कासित करके दिखाए। उन्होंने कहा कि भाजपा उनके खिलाफ बिहार विधानसभा चुनाव के बाद से कार्रवाई करने का प्रयास कर रही है लेकिन क्या वह कोई मुहूर्त निकालने का इंतजार कर रहें हैं।

शत्रुघ्न सिन्हा ने कहा कि मैंने हमेशा से यही कहा है कि भाजपा मेरी पहली और आखिरी पार्टी है। मैं कभी पार्टी को नहीं छोड़ूंगा। उन्होंने कहा कि यह बात अलग होगी कि वो मुझे निकाल दें। जब तक मैं पार्टी में हूं, मैं मर्यादा नहीं तोड़ूंगा। उन्होंने कहा कि नोटबंदी और जीएसटी को लेकर ही लोग मोदी सरकार से बहुत परेशान हैं। लोगों का कहना है कि यह सरकार ‘अलीबाबा और 40 चोरों’ की तरह लगती है।

बता दें कि भाजपा नेता शत्रुघ्न सिन्हा ने यह बयान शनिवार को पटना के राष्ट्रमंच समारोह में आयोजित पूर्व केंद्रीय मंत्री यशवंत सिन्हा के कार्यक्रम में दिया। इस कार्यक्रम में यशवंत सिन्हा ने भाजपा छोड़ने का बड़ा ऐलान किया। 

Punjab Kesari

Advertising