कर्नाटक में भाजपा की सरकार गिरने पर उत्साहित हुई राजद, कांग्रेस ने मनाया जश्न
Sunday, May 20, 2018 - 11:21 AM (IST)
पटनाः कर्नाटक में भाजपा की सरकार गिरने के बाद विपक्षी पार्टी राजद काफी खुश है। उन्हें अब राज्य में अपनी सरकार बनाने को लेकर राज्यपाल के न्यौते का इंतजार है। वहीं दूसरी तरफ कांग्रेस कार्यकर्त्ताओं ने भी येदियुरप्पा की सरकार गिरने पर जमकर जश्न मनाया।
राजद नेता शक्ति यादव का कहना है कि उन्हें आशा है कि राज्यपाल बहुत जल्द बिहार की सबसे बड़ी पार्टी राजद को सरकार बनाने का न्यौता देंगे। उन्होंने कहा कि राजद अपनी सहयोग पार्टियों के समर्थन के साथ बहुमत भी प्राप्त कर लेगा। इसके साथ ही राजद ने आंदोलन की तैयारी भी कर ली है। वहीं कांग्रेसी कार्यकर्त्ताओं ने इस जीत पर कहा कि सत्य की जीत हुई है। यह कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी की जीत है।
बता दें कि कर्नाटक विधानसभा चुनाव में किसी भी पार्टी को स्पष्ट बहुमत नहीं मिलने के बावजूद कर्नाटक के राज्यपाल ने चुनाव में सबसे ज्यादा सीटें जीतने वाली भाजपा को सरकार बनाने का मौका दिया था। इसके बाद गुरुवार की सुबह बीएस येदियुरप्पा को राज्यपाल ने मुख्यमंत्री पद की शपथ दिलाई थी। बहुमत साबित ना कर पाने के लिए मुख्यमंत्री ने शनिवार को पद से इस्तीफा दे दिया जिसके चलते कर्नाटक में भाजपा की सरकार गिर चुकी है।