मोदी चौक पर विवादः भाजपा नेता की हत्या को पुलिस ने बताया भूमि विवाद

punjabkesari.in Saturday, Mar 17, 2018 - 03:59 PM (IST)

दरभंगाः बिहार में दरभंगा जिले के बलहा पंचायत के भदवा चौक के समीप शुक्रवार को नामकरण विवाद में भाजपा नेता तेजनारायण यादव के पिता की हत्या के मामले को पुलिस ने भूमि विवाद बताया है।

भूमि विवाद को लेकर पुरानी दुश्मनी में हुई हत्याः एसएसपी 
वरीय पुलिस अधीक्षक सत्यवीर सिंह ने शुक्रवार देर रात आयोजित संवाददाता सम्मेलन में कहा कि भाजपा नेता के 71 वर्षीय पिता रामचन्द्र यादव की हत्या एक षड्यंत्र के तहत की गई है। हत्या भूमि विवाद को लेकर पुरानी दुश्मनी में की गई है। उन्होंने जोर देकर कहा कि इस हत्या में चौक के नामकरण को लेकर कोई विवाद नहीं है।

केंद्रीय मंत्री गिरिराज और प्रदेश अध्यक्ष नित्यानंद राय आज जाएंगे दरभंगा 
सत्यवीर सिंह ने कहा कि हमले में घायल भाजपा नेता कमलदेव यादव उर्फ भोला यादव के मीडिया में दिए बयान की भी जांच की जा रही है जिसमें उन्होंने भदवा चौक का नाम ‘नरेंद्र मोदी चौक’ रखने के कारण अपने परिवार पर हमले का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि घटना की जानकारी के बाद मौके पर पहुंची पुलिस को मृतक के परिजनों ने जो बयान दिया है, उस पर कार्रवाई की गई है। मामले में अब तक तीन लोगों को हिरासत में लिया गया है जिनसे पूछताछ की जा रही है। इस बीच पीड़ित परिवार से मिलने केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह और भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष नित्यानन्द राय शनिवार को दरभंगा आने वाले हैं।

बता दें कि शुक्रवार तड़के भदवा चौक का नाम कथित तौर पर ‘मोदी चौक’ रखे जाने को लेकर अज्ञात लोगों ने बलहा पंचायत के भाजपा अध्यक्ष तेजनारायण यादव के पिता रामचन्द्र यादव की धारदार हथियार से हमला कर हत्या कर दी थी। हमले में भाजपा नेता भी गंभीर रूप से घायल हो गए थे जिनका इलाज दरभंगा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में चल रहा है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Punjab Kesari

Recommended News

Related News