नेपाल में बस हादसा, यात्रियों से भरी बस नदी में गिरी, 31 की मौत

Saturday, Oct 28, 2017 - 07:05 PM (IST)

काठमांडो: नेपाल के धादिड़ जिले में आज यात्रियों से खचाखच भरी एक बस के दुर्घटनाग्रस्त हो कर नदी में गिर जाने के कारण कम से कम 31 लोगों की मौत हो गई। मृतकों में एक भारतीय महिला शामिल है।  

धादिड़ के पुलिस अधीक्षक ध्रुब राज राउत ने बताया कि काठमांडो से करीब 70 किलोमीटर पश्चिम घाटबेसी मोड़ पर बस सुबह करीब पांच बजे दुर्घटनाग्रस्त होकर त्रिशुली नदी में जा गिरी। नेपाल सेना के जवानों सहित सुरक्षा बलों और सशस्त्र बलों के जवानों ने पृथ्वी राजमार्ग से लगे दुघर्टनास्थल से नदी से 16 घायल यात्रियों को बाहर निकाला। राउत ने मृतकों की संख्या 31 बताई। मीडिया खबर के अनुसार बचाव टीम अब तक 28 शवों को निकाल चुकी है और अन्य लापता यात्रियों की तलाश की जा रही है। 

पुलिस ने बताया कि सभी घायलों को नजदीकी अस्पताल ले जाया गया है लेकिन इनमें से गंभीर रूप से घायल दो यात्रियों को इलाज के लिए काठमांडो ले जाया गया है। प्रारंभिक खबरों के मुताबिक, एक मोड़ पर तेज रफ्तार बस पर नियंत्रण पाने में चालक के असफल रहने के कारण हादसा हुआ। पुलिस ने बताया कि बस में 52 यात्री यात्रा कर रहे थे।

Advertising