मुझे विवाह समारोह में आमंत्रित करने वाले स्वयं कहें कोई दहेज नहीं लिया गया है: नीतीश

Tuesday, Oct 10, 2017 - 02:10 PM (IST)

पटना: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि उन्हें विवाह समारोह में शामिल होने के लिए निमंत्रित करने वालों को यह कहना होगा कि कोई दहेज नहीं लिया गया है। नीतीश का यह बयान पटना के एक अणे मार्ग स्थित अपने आवास पर ‘लोक संवाद’ कार्यक्रम के बाद पत्रकारों द्वारा दहेज प्रथा एवं बाल विवाह को लेकर प्रदेश में छेड़े गए अभियान के बारे में पूछे जाने पर सामने आया।

नीतीश ने कहा कि बिहार में बाल विवाह 39 प्रतिशत है। महिला अपराध में बिहार का 26वां स्थान है। यदि दहेज प्रथा एवं बाल विवाह बंद हो जाए तो राज्य में बहुत बड़ा  बदलाव लाया जा सकता है। अगले साल 21 जनवरी को मानव श्रृंखला बनेगी, जो जन समर्थन का प्रतीक होगी। 

मुख्यमंत्री ने मीडिया को समाज में बदलाव का बड़ा शक्तिशाली माध्यम बताया और उससे इस अभियान के सकारात्मक पहलू से लोगों को जागरूक करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि गत 12 वर्षों में विकास के अनेक काम हुए हैं। यह काम चलता रहेगा। समाज सुधार से इस राज्य को एक नई दिशा मिलेगी।  
 

Advertising