रोडरेज मामला: 12वीं में पास हुआ आदित्य, नंबर देखकर चौंका भाई...बोला

Sunday, May 22, 2016 - 01:19 PM (IST)

नई दिल्ली:  देश में जब सी.बी.एस.ई. 12वीं के नतीजे आने के बाद छात्र व उनके घरवाले एक-दूसरे का मुंह मीठा कर रहे थे, वहीं दूसरी तरफ बिहार के गया में स्वराजपुरी के एक घर में सन्नाटा छाया हुआ था। 12वीं के परिणाम का यह दिन उनके घर में खुशियां ला सकता था अगर उनका बेटा उनके पास होता। 

जानकारी के अनुसार 12वीं के परिणाम के दिन जब आदित्य सचदेवा के भाई आकाश ने उसका परिणाम चेक किया तो उसे देख वह हैरान रह गया। जैसे ही उसने उसका परिणाम देखा तो उसके मुंह से निकला ''ओह माइ गॉड'', क्योंकि उसने 69.60 प्रतिशत अंक प्राप्त किए थे लेकिन अब उसका यह परिणाम किस काम था। 

गौरतलब है कि बीती 7 मई को कारोबारी श्याम सुंदर सचदेवा के बेटे आदित्य सचदेवा की रोडरेज के दौरान हत्या कर दी गई थी। इस वारदात का आरोप जे.डी.यू. एम.एल.सी. मनोरमा देवी के बेटे रॉकी यादव पर लगा था। रॉकी यादव की रेंजरोवर कार को आदित्य की स्विफ्ट कार ने ओवरटेक कर दिया था। वहीं इस मामले में रॉकी यादव व उसके दोस्त टेनी यादव को गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।
Advertising