मोदी सरकार में आतंकवाद और भ्रष्टाचार को मिला बढ़ावा: शकील अहमद

Monday, Jun 25, 2018 - 03:58 PM (IST)

समस्तीपुरः कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. शकील अहमद ने मोदी सरकार पर जमकर हमला बोला है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार में आतंकवाद और भ्रष्टाचार को बढ़ावा मिला है।

अहमद ने कहा कि मोदी सरकार में आतंकवादियों के खिलाफ की गई कार्रवाई में काफी बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मारे गए हैं। केंद्र की भाजपा नीत राजग सरकार मे पाकिस्तान ने 1138 बार युद्धविराम का उल्लंघन किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि गरीबों के हिमायती होने का दावा करने वाली मोदी सरकार ने पूंजीपतियों के 2 लाख 44 हजार करोड़ रुपये का ऋण माफ कर गरीबों के साथ अन्याय किया है। नोटबंदी के दौरान भाजपा अध्यक्ष अमित शाह जिस बैंक के निदेशक हैं उसमें करीब 745 करोड़ रुपये जमा किए गए, जिसकी केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) से जांच होनी चाहिए।

कांग्रेस नेता ने एक प्रश्न के उतर में कहा कि उनकी पार्टी वर्ष 2019 मे होने वाले लोकसभा चुनाव को देखते हुए सभी धर्मनिरपेक्ष दलों को एकजुट करने मे जुटी है। बिहार में कांग्रेस, राष्ट्रीय जनता दल (राजद) और हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (हम) का गठबंधन है और इस गठबंधन में अन्य पार्टियों के भी शामिल होने की संभावना है। इसके लिए प्रयास किए जा रहे हैं।

Deepika Rajput

Advertising