मोदी ने बिहार के लोगों को फिर दिया झांसा: रघुवंश

Tuesday, Oct 17, 2017 - 12:04 PM (IST)

पटनाः राजद के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रघुवंश प्रसाद सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने पटना विश्वविद्यालय को केन्द्रीय विश्वविद्यालय का दर्जा दिए जाने की बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की प्रार्थना को ठुकरा दिया। उन्होंने विश्वस्तरीय विश्वविद्यालय का दर्जा पाने के लिए प्रतियोगिता में आने की बात कहकर प्रदेश के लोगों को एक बार फिर से झांसा दिया है।

पूर्व केन्द्रीय मंत्री सिंह ने पार्टी के प्रदेश कार्यालय में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में कहा कि 2 दिन पूर्व पटना विश्वविद्यालय के शताब्दी समारोह के दौरान मुख्यमंत्री कुमार ने प्रधानमंत्री से प्रार्थना की थी कि इस विश्वविद्यालय को केन्द्रीय विश्वविद्यालय का दर्जा दिया जाए।

राजद उपाध्यक्ष ने कहा कि बिहार की इस पुरानी मांग को प्रधानमंत्री द्वारा ठुकराए जाने से राजग के नेताओं और मंत्रियों की औकात का भी पता चल गया। उन्होंने कहा कि इलाहाबाद विश्वविद्यालय और सागर विश्वविद्यालय को पहले ही केन्द्रीय विश्वविद्यालय का दर्जा दे दिया गया जबकि पटना विश्वविद्यालय को यह दर्जा दिए जाने की मांग इससे पहले से की जाती रही है। सिंह ने कहा कि इन सब के बावजूद मुख्यमंत्री कुमार प्रधानमंत्री के कसीदे गढ़ रहे हैं।

राजद उपाध्यक्ष ने कहा कि सच्चाई यह है कि देश और राज्यों में शिक्षा का बुरा हाल है। शिक्षा के क्षेत्र में न तो केन्द्र और न ही बिहार की सरकार ने ध्यान दिया है। उन्होंने कहा कि शिक्षकों की कमी के कारण पढाई ठप है और केवल बयान और प्रचार के जरिए ही इस क्षेत्र में सुधार के बड़े-बड़े दावे किए जा रहे हैं। देश के प्रतिष्ठित तकनीकी संस्थानों में शिक्षकों के 6 हजार पद रिक्त हैं।    

Advertising