बिहारः शहीद जवान का अंतिम संस्कार राजकीय सम्मान के साथ हुआ संपन्न

Friday, Oct 13, 2017 - 12:24 PM (IST)

भागलपुरः जम्मू कश्मीर में आतंकी हमले में शहीद हुए भारतीय वायुसेना के वीर सपूत निलेश कुमार नयन का अंतिम संस्कार राजकीय सम्मान के साथ संपन्न हुआ। शहीद का पार्थिव शरीर कश्मीर से जिले के सुल्तानगंज प्रखंड के उधाडीह गांव पहुंचा।

इसके बाद उनकी शव यात्रा निकली जिसमें हजारों की संख्या में उधाडीह और आसपास के लोग शामिल हुए। इससे पूर्व शहीद के पिता तरुण कुमार सिंह, मां बुलबुल देवी, पत्नी मनीषा सहित कई लोगों ने अंतिम दर्शन कर उन्हें अश्रुपूर्ण विदाई दी। उनका अंतिम संस्कार जिले के सुलतानगंज स्थित उत्तरवाहिनी गंगा नदी के किनारे राजकीय सम्मान के साथ हुआ। शहीद जवान के छोटे भाई रितेश कुमार ने उन्हें मुखाग्नि दी।

इस मौके पर बिहार सरकार की ओर से नगर विकास मंत्री सुरेश कुमार शर्मा, विधायक सुबोध राय समेत पुलिस और प्रशासन के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे। इस दौरान गंगा तट पर मौजूद वायुसेना और बिहार पुलिस के जवानों ने उनके सम्मान में मातमी धुन बजाने के बाद शस्त्र को झुका दिया।   
 

Advertising