मांझी ने सीएम नीतीश पर कसा करारा तंज, तेजस्वी को माना अगला मुख्यमंत्री
punjabkesari.in Wednesday, May 23, 2018 - 02:25 PM (IST)
पटनाः बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री व हम(हिन्दुस्तानी अवाम मोर्चा) के अध्यक्ष जीतनराम मांझी ने मुख्यमंत्री द्वारा सभ्यता द्वार का निर्माण करवाने पर करारा तंज कसा है। इसके साथ ही उन्होंने पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव को अगला सीएम बताते हुए उनकी तारीफ में कसीदे कढ़े।
मांझी ने कहा कि बिहार में लोग गरीबी, भूखमरी, बेरोजगारी का सामना कर रहें हैं। उनकी समस्या को दूर करने के स्थान पर मुख्यमंत्री सभ्यता द्वार का निर्माण करवाया रहें हैं। यह सब पैसे की बर्बादी है। मांझी ने सीएम नीतीश पर तंज कसते हुए कहा कि अब केवल एक ताजमहल की कमी रह गई है, नीतीश वह भी बनवा दें। इसके साथ ही मांझी का कहना है कि सीएम केवल पटना और नालंदा के विकास पर जोर दे रहें हैं। अन्य जिलों को नजर अंदाज किया जा रहा है।
जीतन राम मांझी ने तेजस्वी यादव को खुद से भी बड़ा नेता बताते हुए राज्य का अगला सीएम मान लिया है। उन्होंने कहा कि मेरा राजनीतिक कद अभी राष्ट्रीय स्तर का नहीं है। तेजस्वी उभरते हुए युवा नेता हैं।