पूर्व सांसद गया सिंह का निधन, नीतीश ने व्यक्त किया शोक

punjabkesari.in Saturday, Oct 07, 2017 - 07:00 PM (IST)

पटनाः भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व सांसद गया सिंह का पटना शहर के राजा बाजार स्थित एक अस्पताल में शनिवार को निधन हो गया।

पिछले कुछ दिनों से अस्वस्थ चल रहे 76 वर्षीय गया सिंह की शुक्रवार को अचानक अधिक तबीयत खराब होने पर पटना के राजाबाजार स्थित एक अस्पताल में भर्ती कराया गया था जहां शनिवार की सुबह 11 बजे उन्होंने इलाज के क्रम में दम तोड़ दिया। सिंह का अंतिम संस्कार रविवार की सुबह 9 बजे पटना शहर स्थित बांसघाट में किया जाएगा। 

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने गया सिंह के निधन पर गहरी शोक संवेदना व्यक्त की है। मुख्यमंत्री कार्यालय से जारी एक प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार नीतीश ने अपने शोक संदेश में कहा है कि गया सिंह एक प्रख्यात राजनेता एवं प्रसिद्ध मजदूर नेता थे। मजदूर आन्दोलन में उनका अहम योगदान था। उनके निधन से सामाजिक, राजनीतिक एवं मजदूर आन्दोलन के क्षेत्र में अपूरणीय क्षति हुई है।

मुख्यमंत्री ने दिवंगत आत्मा की चिर शान्ति तथा उनके परिजनों, अनुयायियों एवं प्रशंसकों को दु:ख की इस घड़ी में धैर्य धारण करने की शक्ति प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की है। नालंदा जिला के अलामा गांव निवासी गया सिंह के निधन पर उनकी पार्टी भारतीय कम्युनिस्ट ने गहरा शोक व्यक्त किया है। पूर्व राज्यसभा सदस्य गया सिंह वर्तमान में एटक के वरिष्ठ उपाध्यक्ष तथा झारखंड राज्य एटक के अध्यक्ष थे।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News