राजग सरकार में शिक्षा के क्षेत्र में सुधार होना तय : उपेन्द्र

punjabkesari.in Saturday, Sep 23, 2017 - 07:16 PM (IST)

पटनाः केन्द्रीय मानव संसाधन विकास राज्य मंत्री उपेन्द्र कुशवाहा ने कहा कि लंबे समय के बाद दिल्ली एवं बिहार में राजग की सरकार बनी है और अब शिक्षा के क्षेत्र में सुधार होने से कोई नहीं रोक सकेगा। कुशवाहा ने पार्टी के प्रदेश कार्यालय में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में आज देश में सुधार और विकास के लिए कई कदम उठाए जा रहे हैं। देश बड़े परिवर्तन के दौर से गुजर रहा है खासकर शिक्षा के क्षेत्र में सुधार के लिए गंभीर प्रयास किए जा रहे हैं।

केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि करीब 27 वर्ष के बाद केंद्र और बिहार में एक ही गठबंधन की सरकार बनी है। दोनों ही सरकार मिलकर काम कर रही है और अब सुधार होना तय है। कुशवाहा ने कहा कि केन्द्र सरकार गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए बचनवद्ध है। इसके लिए कई राज्यों में शैक्षणिक कार्य में लगे शिक्षकों को कोई दूसरी जिम्मेवारी नहीं दी जाती है। उन्होंने कहा कि मिड डे मील में शिक्षकों के लगाए जाने से छात्रों की पढ़ाई पर असर पड़ रहा था।

बिहार सरकार भी इस दिशा में कदम उठा रही है। इसके अध्ययन के लिए एक टीम भी गठित की गई है जो शीघ्र ही अन्य राज्यों का दौरा करेगी। उन्होंने कहा कि बिहार में पहले डिग्री लाओ और नौकरी पाओ की व्यवस्था थी लेकिन अब इसमें बदलाव की बात हो रही है, जो शिक्षा के क्षेत्र में एक शुभ संकेत है।

कुशवाहा ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को लेकर अधिकारियों के साथ कई बार बैठक की है और उनका यह मानना है कि शिक्षा के बिना विकास की बात बेमानी है। राज्य में शिक्षा की बेहतरी के लिए समाज के लोगों को भी आगे आना होगा। केन्द्रीय मंत्री कहा कि उनकी पार्टी की ओर से 15 अक्टूर को पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान में शिक्षा सुधार संकल्प महासम्मेलन आयोजित किया गया है। इस महासम्मेलन के माध्यम से शिक्षा की बेहतरी का संकल्प लिया जाएगा। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News