15 फीट गहरे गड्डे में गिरा डेढ़ साल का मासूम, 3 घंटे का प्रयास के बाद बचाई जान

Friday, Oct 14, 2016 - 07:17 PM (IST)

मुजफ्फरपुर: बिहार में मुजफ्फरपुर जिले के रतवारा गांव में शुक्रवार को करीब पंद्रह फीट गहरे गड्ढे में गिरे डेढ़ साल के मासूम बच्चे को सुरक्षित निकाल लिया गया। पुलिस सूत्रों ने यहां बताया कि जिले के बंदरा प्रखंड स्थित रतवारा गांव में शुक्रवार की सुबह डेढ़ साल का बच्चा खेलते-खेलते करीब 15 फीट गड्ढे में जा गिरा। बच्चे की रोने की आवाज सुनकर वहां पहुंचे उसके परिजनों ने ग्रामीणों की सहायता से उसे निकालने का प्रयास किया।


गड्डे के पास खोदा दूसरा गड्डा
हालांकि आरंभिक प्रयास में सफलता नहीं मिलते देख ग्रामीणों ने इसकी सूचना स्थानीय प्रशासन को दी। बच्चों को पर्याप्त ऑक्सीजन देने के लिए सरकारी अस्पताल से ऑक्सीजन सिलेंडर लाया गया और एक पाइप की सहायता से ऑक्सीजन को मासूम तक पहुंचाया गया। सूत्रों ने बताया कि इसके बाद उक्त गड्डे के समानांतर एक दूसरा खड्डा खोदने का काम शुरू किया गया और करीब तीन घंटे के प्रयास के बाद बच्चे को सुरक्षित निकाल लिया गया।


शौचालय निर्माण को खोदा गया था गड्डा
बच्चे को स्थानीय अस्पताल ले जाया गया जहां जांच के उपरांत उसे अभिभावकों को सौंप दिया गया। उल्लेखनीय है कि रतवारा गांव के विश्वनाथ महतो के घर के निकट शौचालय निर्माण एक निजी एजेंसी के माध्यम से कराया जा रहा था। एजेंसी ने जेसीबी से गुरुवार को यह गड्ढा खोद उसका मुंह खुला ही छोड़ दिया था। इसी गड्डे में मासूम गिर पड़ा। 23 जुलाई 2006 को अपने जन्मदिन के दिन कुरुक्षेत्र का पांच वर्षीय प्रिंस अपने घर के पास खुले एक 60 फीट गहरे बोरवेल में गिर गया था। करीब 40 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद उसे निकाला जा सका था। 

Advertising