मुसलमानों के लिए भारत से अच्छा देश कोई नहीं: शाहनवाज

Wednesday, Nov 04, 2015 - 03:50 PM (IST)

पटना: असहिष्णुता के मुद्दे पर जारी विरोध और बहस के बीच भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता और पूर्व केन्द्रीय मंत्री सैय्यद शाहनवाज हुसैन ने भारत को मुसलमानों के लिए सबसे अच्छा देश और हिन्दुओं को सर्वाधिक नेक पड़ोसी बताया है। हुसैन ने आज सोशल नेटवर्किंग साइट ट्विटर पर एक के बाद एक कई ट्वीट में लिखा , ‘‘ भारतीय मुसलमान को भारत से अच्छा देश और हिंदू से अच्छा पड़ोसी नहीं मिल सकता। 
 
यहां बहुसंख्यक और अल्पसंख्यक मिलकर रहते हैं, ऐसी मिसाल दुनिया में नहीं है। इसके बाद उन्होंने अगले ट्वीट में कहा , ‘‘ भारत में कहीं भी असहिष्णुता नहीं है , यह केवल कांग्रेस के भीतर है जो एक निर्वाचित सरकार और लोकप्रिय प्रधानमंत्री का आदर नहीं कर सकती। कांग्रेस की याददाश्त काफी कमजोर है। आजादी के बाद कांग्रेस के शासनकाल में कई बड़े अभिनेताओं को अपने नाम तक बदलने पड़े थे। भाजपा नेता ने एक अन्य ट्वीट में कहा , ‘‘ आज सलमान , शाहरूख और सैफ अपने प्रतिभा के दम पर भारतीयों के चहेते हैं और धर्म कोई मुद्दा नहीं है। 
 
भारत के लोग एक स्टार में धर्म नहीं देखते, सिर्फ भारतीयता देखते हैं। यही भारत की खूबसूरती है।’’  उल्लेखनीय है कि अपने पचासवें जन्मदिन के मौके पर किंग खान शाहरूख ने देश में असहिष्णुता को लेकर चिंता जताई थी। 
Advertising