बिहारः 21 जून को योग दिवस, सफल बनाने में जुटी भाजपा

Saturday, Jun 16, 2018 - 05:02 PM (IST)

पटनाः बिहार भाजपा इस बार 21 जून को योग दिवस को सफल बनाने के लिए लगातार संपर्क अभियान चला रही है। बिहार भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष सह मुख्यालय प्रभारी देवेश कुमार ने बताया कि पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष नित्यानंद राय के निर्देश पर पार्टी के सभी नेता एवं कार्यकर्ता राजधानी पटना से लेकर सभी जिलों के पंचायत एवं बूथ स्तर पर मौजूद शक्ति केन्द्रों पर इस अभियान को सफल बनाने में जुट गए हैं। 

पार्टी की ओर से प्रदेश, जिला और मंडल स्तर पर योग दिवस को लेकर हो रहे सरकारी एवं अन्य आयोजनों को सफल बनाने में संगठन के सभी नेता एवं कार्यकर्ता लगे हुए हैं। देवेश कुमार ने बताया कि राज्य सरकार की ओर से राजधानी पटना में इस बार योग दिवस का कार्यक्रम 21 जून को कंकड़बाग पटना के पाटलिपुत्र स्पोर्टस कॉम्पलेक्स में आयोजित होगा।

इस कार्यक्रम में राज्यपाल सत्यपाल मलिक, उप मुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी, भाजपा कोटे के नीतीश मंत्रिमंडल में शामिल सभी मंत्री, राज्य सरकार के सभी अधिकारी, विभिन्न सामाजिक-राजनीति संगठनों के नेता एवं कार्यकर्ताओं के साथ ही बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं का भाग लेना तय है । 

prachi

Advertising