बिहार में महागठबंधन की रैली आज, सोनिया गांधी भी होंगी शामिल

Sunday, Aug 30, 2015 - 03:41 PM (IST)

पटना: बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीति गलियारे में गहमा-गहमी बढ़ गई। आज बिहार की राजधानी पटना के गांधी मैदान में सत्तारूढ़ पार्टी वाले महागठबंधन की ''स्वाभिमान रैली'' को कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी संबोधित करेंगी। सोनिया गांधी पहली बार बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के साथ मंच साझा करेंगी। इस रैली में हालांकि समाजवादी पार्टी (सपा) प्रमुख मुलायम सिंह यादव के आने की संभावना नहीं है।

कांग्रेस की बिहार इकाई के अध्यक्ष अशोक चौधरी ने गत शनिवार को बताया कि सोनिया गांधी दिल्ली से पटना दोपहर करीब 12:30 बजे पहुंचेंगी और रैली में हिस्सा लेने के बाद दिल्ली के लिए रवाना होगीं। गौरतलब है कि पार्टी के कोषाध्यक्ष मोतीलाल बोरा, बिहार कांग्रेस प्रभारी सी.पी. जोशी और कनिष्क सिंह गत गुरुवार को पटना पहुंचे थे और राजद प्रमुख लालू प्रसाद से मुलाकात कर करीब आधे घंटे तक बातचीत की थी। इस बीच सपा के एक नेता ने बताया कि स्वाभिमान रैली में मुलायम सिंह यादव शामिल नहीं हो रहे हैं।

अक्तूबर-नवंबर में होने वाले विधानसभा चुनाव में राष्ट्रीय जनता दल (राजद), जनता दल (युनाइटेड) व कांग्रेस का महागठबंधन चुनाव मैदान में होगा, जिसका सामना केंद्र में सत्तारूढ़ राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) को करना है। विधानसभा चुनाव के लिए महागठबंधन ने हाल ही में सीट बांटवारे का ऐलान किया था।

जेडीयू-आरजेडी 100-100 सीटों जबकि 40 सीटों पर कांग्रेस चुनाव लड़ेगी। समाजवादी पार्टी की नाराजगी के बाद महागठबंधन में उसे 5 सीटें देने का ऐलान किया गया है जबकि सपा अपने लिए कम से कम 12 सीटों की मांग कर रही थी। गौरतलब है कि बिहार चुनाव के चलते सभी पार्टियों ने प्रदेश में अपनी धाक जमाने के लिए कमर कस ली है। हाल ही में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बिहार में रैली को संबोधित किया था।

Advertising