बिहार के 306 कॉलेज में वाई-फाई सुविधा पहुंची

Friday, Sep 08, 2017 - 12:57 PM (IST)

पटना: बिहार सरकार के सात निश्चय कार्यक्रम के अंतर्गत प्रदेश के 306 कॉलेज में अब तक वाई-फाई सुविधा पहुंच गई है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार द्वारा शुक्रवार सूचना प्रौद्योगिकी विभाग की उच्चस्तरीय समीक्षात्मक बैठक किए जाने के बाद मुख्य सचिव ने बताया कि सात निश्चय के अन्तर्गत कॉलेजों में वाई-फाई की सुविधा उपलब्ध कराई जानी थी। 306 कॉलेजों में सुविधा पहुंच गई है, लोग इसका उपयोग कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि बैठक के दौरान यूट्यूब और वाट्सएप तक इस सुविधा का विस्तार करने के लिए विचार किए जाने का निर्णय लिया गया। 

अधिकारी ने बताया कि विभिन्न विभागों द्वारा बड़े पैमाने पर सीधे राशि हस्तांतरित की जा रही है। उन्होंने बताया कि शिक्षा विभाग द्वारा लगभग डेढ़ करोड़ बच्चों को छात्रवृति, पोशाक, साइकिल इत्यादि के लिये राशि हस्तांतरित की जा रही है, उसी प्रकार सामाजिक सुरक्षा पेंशन के अन्तर्गत पूरे राज्य में लाभार्थियों को सीधे खाते में राशि हस्तांतरित करने की कार्रवाई की जा रही है। आधार का भी काम हो रहा है। उन्होंने कहा कि मुख्य एजेंसी बेल्ट्रान है और बेल्ट्रान की कैपिसिटी बढ़ाने का निर्णय लिया गया और यह भी निर्णय लिया गया कि सभी विभागों के सूचना प्रौद्योगिकी से संबंधित कार्य बेल्ट्रान के मार्गदर्शन में हो। साथ ही डाटा सिक्योरिटी को भी मजबूत बनाने का निर्णय लिया गया।

मुख्य सचिव ने बताया कि राज्य में राजगीर में सौ एकड़ तथा बिहटा में 25 एकड़ जमीन सूचना प्रौद्योगिकी विभाग को दी गई है। 14 सितम्बर को एक कानक्लेव का आयोजन किया गया है, जिसमें निवेशक आमंत्रित किये गए हैं।   मुख्यमंत्री सचिवालय स्थित संवाद कक्ष में नीतीश कुमार ने पर्यावरण एवं वन विभाग की भी उच्चस्तरीय समीक्षात्मक बैठक की। 

Advertising