जमीनी विवाद के चलते दो पक्षों में हुई गोलीबारी, 16 वर्षीय छात्रा की गोली लगने से मौत

Saturday, May 26, 2018 - 04:02 PM (IST)

खगड़ियाः बिहार के खगड़िया जिले में जमीनी विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच हुई गोलीबारी में एक छात्रा की मौत हो गई। पुलिस द्वारा घटनास्थल पर पहुंचकर दो लोगों को हिरासत में ले लिया गया है और पूछताछ की जा रही है। 

जानकारी के अनुसार, यह घटना जिले के मड़ैया सहायक थाना अन्तर्गत अररिया बलहा गांव की है। गांव के ऋषी देव तथा पप्पू देव के बीच जमीन को लेकर विवाद हो रहा था। देखते ही देखते दोनों पक्षों में गोलीबारी शुरू हो गई। इसी दौरान एक गोली अपने घर के दरवाजे पर बैठी एक छात्रा को लग गई। छात्रा अररिया बलहा निवासी सुबोध यादव की लगभग 16 वर्षीय पुत्री कोमल कुमारी थी। वह ट्यूशन पढ़ कर वापस घर लौटी थी और अपने घर के दरवाजे पर बैठी थी।

इसी दौरान जमीनी विवाद के चलते हुई गोलीबारी में छात्रा को गोली लग गई। घटना के बाद छात्रा को गंभीर हालत में खगड़िया सदर अस्पताल भेजा गया। उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे बेगूसराय रेफर कर दिया गया जहां छात्रा की मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस के द्वारा दो लोगों को हिरासत में लेकर पड़ताल शुरु कर दी गई है। 

prachi

Advertising