मूकबधिर युवती से 55 वर्षीय व्यक्ति ने किया दुष्कर्म!

Sunday, Aug 30, 2015 - 11:17 PM (IST)

डबवाली (संदीप): गांव खुइयांमलकाना में  गांव के ही एक व्यक्ति द्वारा मूकबधिर लड़की से बलात्कार के प्रयासका मामला सामने आया है। पीड़ित लड़की के पिता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। युवती के मैडीकल जांच रिपोर्ट आने के बाद ही दुष्कर्म की पुष्टि हो पाएगी। यह जानकारी देते जांच अधिकारी ए.एस.आई. सुनीता ने बताया कि युवती के पिता ने पुलिस को दी शिकायत में कहा है कि गांव खुइयांमलकाना निवासी करीब 55 वर्षीय बीरा सिंह नामक व्यक्ति ने उसकी बेटी से दुष्कर्म का प्रयास किया है। पीड़ित युवती आरोपी के खेत के पड़ोस में बने मकान में रहती है। 
 
आरोप है कि व्यक्ति ने अपने खेत में उसकी बेटी से दुष्कर्म करने का प्रयास किया लेकिन इसी दौरान खेत के आसपास कुछ महिलाओं ने उसे देख लिया। बताया जा रहा है कि उक्त महिलाओं ने आरोपी व्यक्ति को पकड़कर उसकी धुनाई भी कर दी लेकिन आरोपी मौके से फरार हो जाने में कामयाब हो गया। जांच अधिकारी ने बताया कि अभी दुष्कर्म की पुष्टि नहीं हो पाई है। पुलिस ने युवती के पिता के बयानों के आधार पर बीरा सिंह नामक व्यक्ति के खिलाफ धारा 376 व 511 का मामला दर्ज किया है। 
 
वहीं इस बारे में पुलिस प्रवक्ता सुरजीत सहारण ने बताया कि लड़की मूकबधिर होने की वजह से कुछ बता पाने में असमर्थ है। इसलिए पुलिस ने फिलहाल युवती के पिता की शिकायत पर बलात्कार के प्रयास का मामला दर्ज किया है। आगे की कार्रवाई पीड़िता की मैडीकल रिपोर्ट के आधार पर की जाएगी।
Advertising