आनंद महिंद्रा ने की रिक्शा चालक के लिए नौकरी की पेशकश, जानिए इसके पीछे की वजह..

Wednesday, Dec 29, 2021 - 01:51 PM (IST)

ऑटो डेस्क: अक्सर आपने लोगों को यह कहते हुए सुना होगा कि यदि दिल में कुछ करने का जज़्बा हो तो कोई भी काम असंभव नहीं होता। इसी बात को सच कर दिखाया है एक रिक्शा चालक ने। जिसे हाल ही में आनंद महिंद्रा ने नौकरी का ऑफर दिया है। आप भी सोच रहे होंगे कि जाने-माने उद्योगपति ने एक रिक्शा चालक के लिए नौकरी के ऑफर की पेशकश क्यों किया। चलिए आपको बताते हैं कि पूरा मामला है क्या-

महिंद्रा समूह के अध्यक्ष आनंद महिंद्रा ने हाल ही में अपने ट्विटर पर एक विकलांग रिक्शा चालक की एक वीडियो शेयर की थी। जिसमें यह देखा गया है कि उस रिक्शा चालक के हाथ और पैर नहीं हैं, लेकिन वह बड़ी आसानी से वाहन चलाते देखा जा सकता है। आपको बता दें कि उस रिक्शा चालक द्वारा चलाया जा रहा वाहन एक हाइब्रिड रिक्शा है जिसे मोटर की मदद से चलाया जाता है। 

इस वीडियो को शेयर करते हुए आनंद महिंद्रा ने महिंद्रा लॉजिस्टिक्स सोशल हैंडल को टैग किया और लिखा आज मैंने इसे अपनी टाइमलाइन पर  प्राप्त किया। मैं यह तो नहीं जानता कि यह वीडियो कितना पुराना है, या फिर कहाँ का है, लेकिन मैं इस व्यक्ति को देखकर हैरान हूँ, जिसने अपनी अक्षमताओं को अपनी कमज़ोरी न समझा। आगे उन्होंने लिखा राम, क्या @Mahindralog_MLL उन्हें लास्ट माइल डिलीवरी के लिए बिजनेस एसोसिएट बना सकता है?"

इसके तुरंत बाद महिंद्रा लॉजिस्टिक्स ने अपने ट्विटर हैंडल से उनके प्रपोज़ल को स्वीकारते हुए जवाब दिया और कहा- ज़रूर आनंद! और जितनी जल्दी हो सके उस व्यक्ति को ढ़ूढने की कोशिश की जाएगी।

ऐसा पहली बार नहीं हुआ कि किसी आम आदमी से आनंद महिंद्रा प्रभावित हुए और एक अनोखे तरीके से उसकी मेहनत की सराहना की हो। पहले भी आनंद महिंद्रा ने कई लोगों को महिंद्रा कार या महिंद्रा ग्रुप की किसी भी कंपनी में नौकरी देकर उनकी मदद की है।

 

Piyush Sharma

Advertising