26 साल बाद भी जलवा बरकरार, बोलेरो अब नए अवतार में
punjabkesari.in Monday, May 11, 2026 - 01:03 PM (IST)
पीयूष पंजाबी: बात सिर्फ पंजाब की नहीं है… महिंद्रा बोलेरो को देश के हर कोने में पसंद किया गया है। इस धाकड़ गाड़ी को सड़क पर उतरे हुए 26 साल हो चुके हैं लेकिन इसकी रफ्तार आज भी थमी नहीं है। साल 2000 में लॉन्च हुई बोलेरो ने सादगी और ताक़त के दम पर अपनी पहचान बनाई। गांव, खेत-खलिहान से लेकर शहरों तक, टूटी-फूटी सड़कों से लेकर हाईवे तक, यह आज भी उतनी ही मजबूती से दौड़ रही है जितनी पहले दिन दौड़ी थी।
आज कोई भी एसयूवी पैनोरमिक सनरूफ, एडास और एडवांस फीचर्स के बिना अधूरी मानी जाती है, लेकिन बोलेरो फिर भी अपनी जगह बनाए हुए है। ऐसा नहीं है कि बोलेरो में फीचर्स नहीं हैं, बिल्कुल हैं, लेकिन उतने जितने काम के होते हैं। बोलेरो वह साथी है जो कभी साथ नहीं छोड़ता…वजन उठाना, खराब रास्तों पर टिकना और बिना नखरे के चलते जाना। यही वजह है कि पंजाब के मालवा, दोआबा और माझा जैसे इलाकों में यह आज भी पहली पसंद बनी हुई है। लुधियाना और अमृतसर में इसकी सबसे ज़्यादा बिक्री होती है।
हाल ही में बोलेरो को नया अपडेट मिला है। महिंद्रा ने बहुत समझदारी के साथ इसे बेहतर बनाया है। पूरी तरह बदला नहीं, बल्कि थोड़ा और एडवांस बना दिया है। B4, B6, B6(O) वेरिएंट्स को और बेहतर किया गया है और नया टॉप वेरिएंट B8 लॉन्च किया गया है, जिसमें डायमंड कट अलॉय व्हील्स, स्टेल्थ ब्लैक कलर और नई ग्रिल जैसे अपडेट्स दिए गए हैं, लेकिन इसका रग्ड लुक अब भी जस का तस है।
अंदर की तरफ बदलाव संतुलित हैं। लेदरेट सीट्स, बेहतर कुशनिंग, 17.8 सेंटीमीटर टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट, स्टीयरिंग माउंटेड कंट्रोल्स और यूएसबी टाइप-सी चार्जिंग जैसे फीचर्स यह दिखाते हैं कि बोलेरो समय के साथ चल रही है…, लेकिन अपने रास्ते से भटक नहीं रही।
1.5 लीटर एमहॉक75 डीजल इंजन लगभग 55.9 केडब्ल्यू की पावर और 210 एनएम टॉर्क देता है। 5-स्पीड मैनुअल गियरबॉक्स और रियर व्हील ड्राइव भरोसा देते हैं… जैसे कह रहे हों, “जाना कहाँ है? मैं तैयार हूँ।” इसकी लैडर फ्रेम चैसिस और हाई ग्राउंड क्लीयरेंस इसे उन हालातों में भी आगे बढ़ाते हैं, जहां कई बार मॉडर्न एसयूवी भी जवाब दे जाती हैं। यह हमारा नहीं, इसे रोज़ चलाने वालों का कहना है।
19 किमी/लीटर (एआरएआई सर्टिफाइड) का माइलेज और 7-सीटर लेआउट इसे और भी प्रैक्टिकल बनाते हैं। सेफ्टी की बात करें तो ड्यूल एयरबैग्स, एबीएस और रिवर्स पार्किंग सेंसर जैसे फीचर्स स्टैंडर्ड मिलते हैं। इसमें एडवांस राइड एंड हैंडलिंग टेक्नोलॉजी राइडफ्लो दी गई है, जिससे राइड कम्फर्ट और हैंडलिंग दोनों बेहतर हो गए हैं। बेहतर सस्पेंशन ट्यूनिंग, हल्का स्टीयरिंग और बेहतर ब्रेकिंग के साथ अब बोलेरो फैमिली ट्रिप्स, सिटी ड्राइव्स और हाईवे सभी के लिए ज़्यादा आरामदायक हो गई है।
कीमत इसकी सबसे बड़ी ताकतों में से एक है। ₹7.99 लाख से शुरू होकर ₹9.90 लाख (एक्स-शोरूम) तक जाने वाली बोलेरो का पंजाब में रोल सिर्फ एक एसयूवी का नहीं, बल्कि भरोसे की पहचान का है। किसान के लिए यह खेत की साथी है, व्यापारी के लिए ट्रांसपोर्ट का जरिया और यंगस्टर्स के लिए शाम की गेड़ी और पहाड़ों पर घूमने वाला साथी। बोलेरो हर किरदार निभाती है, बिना शिकायत के।
यही कारण है कि पुरानी पीढ़ी इसे छोड़ने को तैयार नहीं और नई पीढ़ी इसे अपनाने में झिझकती नहीं। क्योंकि यहां बात सिर्फ फीचर्स की नहीं, भरोसे की होती है। और अब तो फीचर्स की भी कोई कमी नहीं रही। पंजाब की पहचान बोलेरो है और अब नए अवतार में यह पहचान और भी मजबूत होती नजर आ रही है।
