यौन शोषण में जुर्माने के बावजूद ट्रम्प बने रिपब्लिकन के राष्ट्रपति प्रत्याशी

punjabkesari.in Friday, Mar 08, 2024 - 05:27 AM (IST)

हालांकि अमरीका में राष्ट्रपति चुनाव लगभग 9 महीने बाद नवम्बर में होने हैं परंतु वहां एक-दूसरे पर आरोप प्रत्यारोप का सिलसिला अभी से शुरू हो गया है और वर्तमान ‘राष्ट्रपति जो बाइडेन’ (डैमोक्रेटिक पार्टी) के विरुद्ध एक बार फिर चुनाव लडऩे के प्रबल दावेदार बने पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प (रिपब्लिकन पार्टी) के विरुद्ध प्रचार में मुख्य भूमिका निभा रही हैं ‘जो बाइडेन’ की पत्नी ‘जिल बाइडेन’। 

‘जिल बाइडेन’ अपने भाषणों में विशेष रूप से डोनाल्ड ट्रम्प को निशाना बना रही हैं। महिला मतदाताओं को अपने पक्ष में एकजुट करने के उद्देश्य से अटलांटा में आयोजित एक कार्यक्रम में ‘जिल बाइडेन’ ने डोनाल्ड ट्रम्प को महिलाओं के लिए बहुत खतरनाक व्यक्ति बताया और कहा : 

‘‘डोनाल्ड ट्रम्प महिलाओं के शरीर का मजाक उड़ाते हैं। हमारी उपलब्धियों का अनादर करते हैं और महिलाओं को अपना शिकार बनाने की डींगें हांकते हैं। वह महिलाओं और हमारे परिवारों के लिए खतरनाक हैं, इसलिए हम उन्हें जीतने नहीं दे सकते।’’ नि:संदेह महिलाओं के प्रति डोनाल्ड ट्रम्प का रवैया हमेशा नकारात्मक तथा अभद्र और अश्लील टिप्पणियां करने वाला रहा है। उन्होंने तो अपनी बेटी ‘इवांका’ को भी नहीं बख्शा और उसे ‘कामुक’ करार दे दिया था। कुछ वर्ष पूर्व एक इंटरव्यू में उन्होंने बार-बार अपनी बेटी ‘इवांका’ के शरीर की बनावट जैसे विषयों पर बात की और कहा कि  ‘‘उसने ‘इम्प्लांट’ नहीं करवाया है। वास्तव में ‘इवांका’ हमेशा से कामुक रही है। वह लगभग 6 फुट लम्बी है और गजब की खूबसूरत रही है।’’ 

एक अन्य इंटरव्यू में जब डोनाल्ड ट्रम्प से पूछा गया कि क्या वह इवांका को ‘ए पीस ऑफ ए...(केक)’ (आसानी से उपलब्ध) मानते हैं तो ट्रम्प ने ‘हां’ में उत्तर दिया था। इसी इंटरव्यू में डोनाल्ड ट्रम्प ने कम उम्र की महिलाओं के साथ रोमांस करने पर भी बात की और 30 से 35 वर्ष को ‘उम्दा उम्र’ बताया। अखबार ‘वाशिंगटन पोस्ट’ के अनुसार डोनाल्ड ट्रम्प ने यह भी कहा था कि महिलाओं ने उन्हें अपने साथ वह सब कुछ करने दिया जो वह करना चाहते थे। ट्रम्प प्रशासन में एक पूर्व अधिकारी ‘ओलिविया ट्राय’ ने गत वर्ष मई में  ‘न्यूज वीक’ पत्रिका को बताया था कि ‘‘डोनाल्ड ट्रम्प की एक युवा कर्मचारी में रुचि जागी थी जिसके कारण व्हाइट हाऊस में चिंता पैदा हो गई थी। उन्होंने खुले आम महिलाओं से अनुचित व्यवहार किया।’’ लेखिका ‘ई जीन कैरोल’ ने डोनाल्ड ट्रम्प को उनका यौन शोषण करने और बदनाम करने के लिए जिम्मेदार करार दिया था। 

व्हाइट हाऊस की पूर्व प्रैस सचिव ‘स्टीफनी ग्रीशम’ तथा पूर्व सलाहकार ‘एलिसा फराह ग्रिफिन’ ने कहा था कि डोनाल्ड ट्रम्प का महिलाओं के साथ दुव्र्यवहार करने का एक निश्चित तरीका था। उनका महिलाओं के साथ व्यवहार खतरनाक था व एक युवा कर्मचारी में ट्रम्प ने बड़ी गहरी दिलचस्पी ली थी। लेखिका ‘ई जीन कैरोल’ ने आरोप लगाया था कि 1996 में ट्रम्प ने उसका बलात्कार किया था। अदालत ने उसका यह आरोप तो खारिज कर दिया परंतु ट्रम्प को उसके यौन शोषण के लिए जिम्मेदार पाते हुए उन्हें लेखिका ‘ई जीन कैरोल’ को पांच लाख डालर देने का आदेश दिया था। डोनाल्ड ट्रम्प के इस तरह के अनगिनत किस्से हैं। इस लिहाज से ‘जिल बाइडेन’ द्वारा लगाए गए इस आरोप में दम प्रतीत होता है कि वह अमरीकी महिलाओं के लिए खतरनाक हैं। 

इस बीच अमरीका में 5 मार्च के ‘सुपर ट्यूज्डे’ को 15 राज्यों में सम्पन्न पार्टी प्राइमरी चुनावों में हार के बाद भारतीय मूल की पूर्व गवर्नर ‘निक्की हेली’ के रिपब्लिकन पार्टी की ओर से राष्ट्रपति पद की उम्मीदवारी में हारने के कारण डोनाल्ड ट्रम्प रिपब्लिकन पार्टी की ओर से राष्ट्रपति पद की उम्मीदवारी हासिल करने की दौड़ में एकमात्र प्रमुख उम्मीदवार रह गए हैं। इन प्राइमरी चुनावों में जहां डोनाल्ड ट्रम्प को ‘निक्की हेली’ से कड़ी चुनौती मिली, वहीं डैमोक्रेटिक पार्टी के प्राइमरी चुनाव में ‘जो बाइडेन’ के सामने कोई बड़ी चुनौती नहीं थी। ‘सुपर ट्यूज्डे’ के फाइनल नतीजों के बाद अब अमरीका में चुनावी गतिविधियां तेज होंगी और रिपब्लिकन तथा डैमोक्रेटिक पार्टियों द्वारा एक-दूसरे के विरुद्ध छींटाकशी की घटनाएं और ज्यादा बढ़ेंगी।-विजय कुमार


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News